ब्लॉग खोजें

विप्र फाउंडेशन का ऐतिहासिक सपना साकार – जयपुर में ‘श्री परशुराम ज्ञानपीठ’ का सेवाप्रण 6 सितंबर को



रामगढ़।
विप्र फाउंडेशन की सोलह वर्षीय संघर्षशील एवं प्रेरणादायी यात्रा का सबसे उज्ज्वल अध्याय अब साकार होने जा रहा है। शनिवार, 6 सितंबर 2025 को अपराह्न 3 बजे जयपुर की पावन धरा पर ‘श्री परशुराम ज्ञानपीठ’ का विधिवत सेवाप्रण होगा। यह ऐतिहासिक क्षण राजस्थान के मुख्यमंत्री माननीय भजन लाल शर्मा जी के करकमलों से सम्पन्न होगा।

विप्र फाउंडेशन द्वारा निर्मित यह “सेंटर फॉर एक्सीलेंस एंड रिसर्च” समाज के उत्थान का एक युगांतकारी प्रकल्प है। 60 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैली 6 मंजिला भव्य इमारत न केवल स्थापत्य की दृष्टि से अद्वितीय है, बल्कि इसके उद्देश्यों और सुविधाओं के कारण इसे राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान मिलेगी।

युवाओं के लिए शिक्षा और संस्कार का केंद्र
ज्ञानपीठ में समाज के युवाओं को शिक्षित, संस्कारित और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यहाँ कोचिंग क्लासेज, प्रतियोगी परीक्षाओं का मार्गदर्शन, रोजगारोन्मुख कौशल विकास केंद्र, कन्या छात्रावास, ई-लाइब्रेरी, लर्निंग सेंटर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। साथ ही वैदिक रिसर्च, कर्मकांड एवं यज्ञ प्रशिक्षण, सभागार और आधुनिक अतिथि गृह भी इस भवन का हिस्सा होंगे।

विप्र फाउंडेशन का संकल्प
फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक सुशील ओझा जी के मार्गदर्शन और अथक प्रयासों से यह सपना मूर्त रूप ले सका है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोगी सभी दानदाताओं, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर एक भावपूर्ण संदेश साझा किया।

गरिमामयी उपस्थिति में होगा आयोजन
ज्ञानपीठ के सेवाप्रण अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा जी, राष्ट्रीय संरक्षक धर्म नारायण जोशी जी, राष्ट्रीय संयोजक सुशील ओझा जी सहित देशभर से हज़ारों विप्रबंधु एकत्रित होंगे। झारखंड से भी बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की संभावना है। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जे.पी. शर्मा और प्रदेश महामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से इसकी पुष्टि की है।

यह आयोजन केवल एक भवन के लोकार्पण का नहीं, बल्कि विप्र समाज की एकजुटता, शिक्षा और संस्कार की दिशा में आगे बढ़ने के ‘नवयुग’ की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। जयपुर का यह ‘श्री परशुराम ज्ञानपीठ’ निश्चय ही आने वाली पीढ़ियों को दिशा दिखाने वाला पथप्रदर्शक केंद्र बनेगा।

विप्र फाउंडेशन का ऐतिहासिक सपना साकार – जयपुर में ‘श्री परशुराम ज्ञानपीठ’ का सेवाप्रण 6 सितंबर को विप्र फाउंडेशन का ऐतिहासिक सपना साकार – जयपुर में ‘श्री परशुराम ज्ञानपीठ’ का सेवाप्रण 6 सितंबर को Reviewed by PSA Live News on 7:22:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.