रांची लोकसभा क्षेत्र में होगा वितरण, परिवार की समग्र जानकारी एक ही दस्तावेज़ में
नई दिल्ली/रांची। केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में ‘फैमिली प्रोटेक्शन लॉगबुक’ का औपचारिक अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने लॉगबुक का बारीकी से अवलोकन किया और इस नवोन्मेषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आधुनिक समय की एक बेहद उपयोगी और दूरदर्शी सोच है।
श्री सिंह ने कहा, “आज के व्यस्त जीवन में लोग अपने-अपने कार्यों में इतने उलझे रहते हैं कि परिवार से जुड़ी अहम जानकारियों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यह लॉगबुक एक ऐसा साधन है, जिसमें एक ही जगह परिवार के सभी सदस्यों का विस्तृत ब्यौरा सुरक्षित रखा जा सकता है। इस विचार के लिए मैं आपको हार्दिक धन्यवाद देता हूँ। राजनीति के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में योगदान देना भी एक जनसेवक की जिम्मेदारी है, और आप यह कार्य निरंतर कर रहे हैं। इस पहल के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं।”
‘फैमिली प्रोटेक्शन लॉगबुक’ के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी, महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों का सार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विवरण एक ही स्थान पर संकलित किया जा सकेगा। इसका मुख्य उद्देश्य आपातकालीन या विशेष परिस्थितियों में जानकारी तक त्वरित पहुंच और पारिवारिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद श्री संजय सेठ ने इस अवसर पर बताया कि इस परियोजना की परिकल्पना उन्होंने की थी, जो अब साकार रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा, “मेरी सोच थी कि प्रत्येक परिवार के पास अपनी समग्र जानकारी का एक सुसंगठित और सुरक्षित दस्तावेज़ होना चाहिए। अब यह पहल मूर्त रूप ले चुकी है और बहुत जल्द ही रांची लोकसभा क्षेत्र में इसका व्यापक स्तर पर वितरण किया जाएगा।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह लॉगबुक न केवल प्रशासनिक और कानूनी जरूरतों में सहायक होगी, बल्कि पारिवारिक प्रबंधन को भी सुव्यवस्थित करने में मददगार साबित होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: