रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम, पुंदाग में आगामी 6 सितंबर (शनिवार) को अनंत चतुर्दशी पर्व के पावन अवसर पर एक दिव्य एवं भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर के प्रांगण में अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक परमहंस डॉ० संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज अपनी दिव्य वाणी से भजन सत्संग और प्रवचन की अमृत वर्षा करेंगे। भक्तगणों को उनकी वाणी और भक्ति संगीत के माध्यम से अध्यात्म, भक्ति, त्याग और जीवन के आदर्शों का अनुपम रसपान कराने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, भजन सत्संग एवं प्रवचन के पश्चात गुरु पूजन, गुरु महाराज से आशीर्वाद तथा महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को इस अवसर पर भव्य रूप से सजाया जा रहा है ताकि आने वाले भक्तगण दिव्य वातावरण का अनुभव कर सकें।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए कहा कि यह अवसर भक्तों के लिए आध्यात्मिक जीवन का अमूल्य क्षण होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, भक्तगणों एवं नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवारजनों सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सदगुरु महाराज की अमृतवाणी का लाभ उठाएँ और गुरु महाराज के सान्निध्य में आत्मिक शांति व आनंद का अनुभव करें।
इस अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट की ओर से सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
9:53:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: