ब्लॉग खोजें

श्रीवामन द्वादशी व्रत एवं श्रीविष्णुपरिवर्तनोत्सव तिथि पर दिव्य उद्यास्तमन सेवा का आयोजन



रांची  । दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर परिसर में गुरुवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रीवामन अवतार द्वादशी व्रत एवं श्रीविष्णुपरिवर्तनोत्सव का आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भक्तों ने भगवान श्रीमन्नारायण के वामन अवतार की महिमा का स्मरण किया। मान्यता है कि दैत्यों से पराजित देवराज इन्द्र को पुनः स्वर्ग की सत्ता दिलाने के लिए भगवान विष्णु ने वामन रूप धारण कर दैत्यराज बलि से तीन पग भूमि माँगी और विराट त्रिविक्रम रूप धारण कर सम्पूर्ण त्रिलोक को नाप लिया। उन्होंने दैत्यराज बलि को बाँधकर उसका अहंकार दूर किया और उसे ऐश्वर्य रहित कर दिया।

विशेष पूजा-अर्चना और उत्सव

चातुर्मास्य व्रत के अंतर्गत भाद्रपद शुक्ल द्वादशी को भगवान विष्णु के परिवर्तनोत्सव पर्व का आयोजन हुआ। इस अवसर पर योगनिद्रा में शयन कर रहे भगवान श्रीहरि विष्णु को करवट बदलाकर पुनः शयन कराया गया। इस क्रम में गद्दा, तकिया बदला गया और भव्य सेवाओं के बीच चरण दबाने एवं पंखा झलने की परंपरा भी निभाई गई।

अनुष्ठान की शुरुआत भगवान के विश्वरूप दर्शन एवं सुप्रभातम से हुई। तत्पश्चात षोडशोपचार पूजन, तिरुवाराधन और दुग्ध, दही, हल्दी, चंदन, गंगाजल, डाभयुक्त जल, केसर एवं शहद से महाभिषेक सम्पन्न हुआ। अभिषेक उपरांत भगवान को वस्त्र एवं आभूषणों से सुसज्जित कर नक्षत्र, कुंभ एवं कर्पूर से महाआरती की गई। भगवान को दधिओदन, सूजी हलवा, फल व मेवे का भोग अर्पित किया गया।

पूरे वातावरण में वेद, उपनिषद एवं देशिक स्तोत्राणि के मंत्रोच्चार गूंजते रहे। अनुष्ठान के बाद तदियाराधन (गुरु-परंपरा), शातुमोरा, पल्लाण्डु, शठारी तीरथ और गोष्ठी का आयोजन भी हुआ।

यजमान और अर्चक मंडली

आज के उद्यास्तमन सेवा सहित महाभिषेक के यजमान श्री राजू चौधरी एवं धर्मपत्नी श्रीमती मोना चौधरी (रांची निवासी) रहे।
अनुष्ठान को विधिवत संपन्न कराने में अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास की प्रमुख भूमिका रही।

प्रमुख श्रद्धालु उपस्थित

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य उपस्थित रहे। इनमें सर्वश्री राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, राजेश सुल्तानिया, रंजन सिंह, प्रभास मित्तल सहित अनेक भक्त शामिल थे।

श्रीवामन द्वादशी व्रत एवं श्रीविष्णुपरिवर्तनोत्सव तिथि पर दिव्य उद्यास्तमन सेवा का आयोजन श्रीवामन द्वादशी व्रत एवं श्रीविष्णुपरिवर्तनोत्सव तिथि पर दिव्य उद्यास्तमन सेवा का आयोजन Reviewed by PSA Live News on 9:52:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.