मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग की प्रजेंटेशन देख दिए आवश्यक निर्देश
रांची : राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने तीन बड़े फ्लाईओवर निर्माण की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में इस संबंध में आयोजित बैठक में पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों की प्रजेंटेशन की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
हरमू फ्लाईओवर को मिलेगी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहजानंद चौक (हरमू) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाला फ्लाईओवर रांची के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। यह फ्लाईओवर हरमू बाईपास रोड पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम को काफी हद तक कम करेगा और लोगों को समय की बचत के साथ सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हरमू फ्लाईओवर का सीधा संपर्क रातू रोड फ्लाईओवर से सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को और अधिक सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लाईओवर परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़ फ्लाईओवर
बैठक में अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ तक प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस परियोजना का डीपीआर जल्द तैयार करते हुए इसे कार्यरूप दिया जाए। साथ ही उन्होंने अरगोड़ा चौक के ऊपर गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का सुझाव दिया, ताकि विभिन्न सड़कों का बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके और ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
करम टोली चौक-साइंस सिटी फ्लाईओवर
करम टोली चौक से साइंस सिटी तक प्रस्तावित 4 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर की योजना भी बैठक का अहम हिस्सा रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फ्लाईओवर से शहर के उत्तरी हिस्सों की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही प्रस्तावित डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक सड़क निर्माण पर भी चर्चा हुई।
भविष्य की जरूरतों पर रहेगा विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रस्तावित फ्लाईओवर और सड़कों की डिजाइन इस प्रकार बनाई जाए, जिससे भविष्य की यातायात जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जा सके। उन्होंने कहा कि रांची एक तेजी से विकसित होता शहर है, ऐसे में आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही निर्माण कार्य किए जाएं।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश
★ हरमू फ्लाईओवर को प्राथमिकता मिलेगी
★ अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर निर्माण होगा
★ करम टोली-साइंस सिटी फ्लाईओवर 4 लेन का होगा
★ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी डिजाइन
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख श्री प्रवीण भेंगरा, मुख्य अभियंता श्री विजय रंजन और कंसल्टेंट कंपनी स्पर्श इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के श्री सुधीर कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
Reviewed by PSA Live News
on
9:46:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: