ब्लॉग खोजें

अविनाश कुमार बने झारखंड के नये मुख्य सचिव

 मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने निवर्तमान मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी को दी भावभीनी विदाई, राज्य के नए मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार ने संभाला पदभार ।



रांची :
झारखंड मंत्रालय का माहौल आज विशेष रूप से भावुक और ऐतिहासिक रहा, जब मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की निवर्तमान मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती अलका तिवारी को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि श्रीमती अलका तिवारी ने अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान जिस ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया है, वह आने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक आदर्श है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव रहते हुए उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के कल्याण, ग्रामीण विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उनकी प्रशासनिक दूरदृष्टि ने सकारात्मक परिणाम दिए।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “श्रीमती अलका तिवारी ने प्रशासन को नई दिशा दी है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व से राज्य सरकार की कई योजनाएँ धरातल पर उतरीं। उनका योगदान झारखंड की प्रशासनिक यात्रा में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। हम उनके अनुभव और सुझावों से आगे भी समाज को लाभान्वित करने की अपेक्षा रखते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के नए मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार को भी पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि श्री अविनाश कुमार एक दूरदर्शी, कुशल एवं अनुभवी अधिकारी हैं, और उनके नेतृत्व में राज्य प्रशासन और अधिक सशक्त एवं गतिशील होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनकी कार्यकुशलता और प्रशासनिक अनुभव से राज्य सरकार की विकासोन्मुख योजनाओं के कार्यान्वयन में नई गति आएगी।

नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे पूरे समर्पण और लगन के साथ राज्य सरकार के उद्देश्यों एवं प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित में चलाई जा रही योजनाओं को तेज़ी और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर राज्य के नए विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव/सचिव, वरिष्ठ पदाधिकारीगण तथा मंत्रालय के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने निवर्तमान मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी को भावभीनी शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अविनाश कुमार बने झारखंड के नये मुख्य सचिव अविनाश कुमार बने झारखंड के नये मुख्य सचिव Reviewed by PSA Live News on 9:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.