ब्लॉग खोजें

हर घर शौचालय: सम्मान, सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत नींव, पात्र परिवारों को मिलती है ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि


पटना।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र परिवार तक शौचालय की सुविधा पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चला रही है। इस पहल का उद्देश्य केवल शौचालय निर्माण कराना नहीं, बल्कि लोगों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य उपलब्ध कराना है।

सरकार का मानना है कि हर घर में शौचालय होना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि परिवार की गरिमा, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। खुले में शौच की समस्या को समाप्त कर स्वच्छ और स्वस्थ गांवों का निर्माण इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

खुले में शौच से बढ़ता है बीमारी का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार खुले में शौच करने से वातावरण प्रदूषित होता है और डायरिया, टाइफाइड, हैजा, पेचिश सहित कई संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि गंदगी जल स्रोतों तक पहुंचकर पूरे गांव के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है।

महिलाओं और किशोरियों को भी खुले में शौच के लिए अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों प्रभावित होते हैं। वहीं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

पात्र परिवारों को मिलती है ₹12,000 की सहायता

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पात्र परिवारों को घर में शौचालय निर्माण के बाद ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। यह आर्थिक सहायता सीधे पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाती है, ताकि ग्रामीण परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो और प्रत्येक घर में शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

ऐसे प्राप्त करें प्रोत्साहन राशि

शौचालय निर्माण के बाद लाभार्थी निम्न प्रक्रिया अपनाकर प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं—

  • अपने घर में निर्धारित मानकों के अनुसार शौचालय का निर्माण कराएं।
  • निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित प्रखंड स्थित लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान कार्यालय में आवेदन जमा करें।
  • आवेदन स्वच्छता पर्यवेक्षक के माध्यम से भी प्रखंड कार्यालय में जमा कराया जा सकता है।
  • इच्छुक लाभार्थी स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के सिटीजन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

शौचालय का नियमित उपयोग भी जरूरी

सरकार ने लोगों से अपील की है कि केवल शौचालय बनवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका नियमित उपयोग और साफ-सफाई भी उतनी ही आवश्यक है। स्वच्छ शौचालय से परिवार स्वस्थ रहता है और गांव में स्वच्छ वातावरण कायम रहता है।

स्वच्छ गांव से बनेगा स्वस्थ और विकसित बिहार

ग्रामीण विकास विभाग का कहना है कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का विषय है। प्रत्येक परिवार यदि शौचालय का निर्माण और उपयोग सुनिश्चित करे, तो खुले में शौच पूरी तरह समाप्त होगा, बीमारियों पर नियंत्रण मिलेगा और स्वच्छ, स्वस्थ तथा सम्मानजनक समाज के निर्माण का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा।

ऑनलाइन आवेदन: https://sbm.gov.in

हर घर शौचालय: सम्मान, सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत नींव, पात्र परिवारों को मिलती है ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि हर घर शौचालय: सम्मान, सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत नींव, पात्र परिवारों को मिलती है ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि Reviewed by PSA Live News on 9:07:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.