ब्लॉग खोजें

पद्मा एकादशी पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिव्य अनुष्ठान, भक्तों ने पाया आध्यात्मिक सुख


रांची। पद्मा एकादशी के पावन अवसर पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में परम करुणामूर्ति भगवान श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर का भव्य पूजन-अर्चन हुआ। इस अवसर पर शास्त्रसम्मत विधि-विधान के अंतर्गत पांचरात्र आगम शास्त्र के अनुसार तिरुवराधना संपन्न की गई।

अनुष्ठान का शुभारंभ प्रभात वेला में ब्रह्माण्डनायक श्रीहरि के विश्वरूप दर्शन से हुआ। इसके बाद सुप्रभातम्, वेकटेश स्तोत्रम्, मंगलाशासनम्, वेंकटेश प्रपत्ति और संकट हरण स्तुति की मधुर गूंज से मंदिर प्रांगण भक्तिरस से भर उठा। पूरे अनुष्ठान के दौरान उत्तर भारत में हाल की बाढ़ आपदा से प्रभावित लोगों के संकट निवारण और कल्याण की विशेष कामना भी की गई।

सुश्राव्य वैदिक मंत्रोच्चारण और वेदध्वनियों के बीच नक्षत्र, कुंभ और कर्पूर थाली से महाआरती संपन्न हुई। भगवान को सांवां दाना की खीर, साबूदाना, आलू के लड्डू, पकौड़े, ताजे फल एवं मेवों का विशेष बाल भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात वेदांत देशिक स्वामी द्वारा रचित स्तोत्रों, उपनिषदों और श्रुतिसम्मत स्तुतियों से भगवान का स्तवन हुआ।

पूरे अनुष्ठान का संचालन अर्चक आचार्य श्री सुरज गौतम, श्री गोपेश आचार्य और श्री नारायण दास जी ने शास्त्रसम्मत पद्धति से किया।

इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए। भक्तों ने भगवान वेंकटेश्वर की चरण वंदना कर दिव्य शांति और आत्मिक आनंद की अनुभूति की।

आयोजन में मुख्य रूप से सर्वश्री राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, रंजन सिंह, गौरीशंकर साबू, उदय राठौर, सुशील लोहिया, भोला वर्णवाल, सुशील गाड़ोदिया, जगनारायण प्रसाद, अशोक मिश्र, अशोक धनानी सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

पद्मा एकादशी पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिव्य अनुष्ठान, भक्तों ने पाया आध्यात्मिक सुख पद्मा एकादशी पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में दिव्य अनुष्ठान, भक्तों ने पाया आध्यात्मिक सुख Reviewed by PSA Live News on 9:51:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.