मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से पंजाब सरकार के मंत्रियों की मुलाकात, गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस समारोह में शामिल होने का दिया आमंत्रण
गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, त्याग और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का होगा आयोजन का उद्देश्य
राँची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज पंजाब सरकार के दो वरिष्ठ मंत्रियों — स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ० बलबीर सिंह तथा राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां — ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान पंजाब के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को नवम सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष राष्ट्रीय समारोह में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, समर्पण, त्याग, अदम्य साहस और मानव कल्याण के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
मंत्रियों ने अवगत कराया कि गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, मानवता और सत्य की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर पंजाब सरकार इस विशेष आयोजन के माध्यम से युवाओं और आम जनता में एकता, सहिष्णुता और त्याग की भावना को प्रोत्साहित करना चाहती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पंजाब सरकार की ओर से मिले आमंत्रण के लिए दोनों मंत्रियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन भारतीय समाज के लिए प्रेरणा का अमिट स्रोत है। उनका बलिदान न केवल सिख समाज, बल्कि पूरे राष्ट्र की आत्मा में रचा-बसा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदुस्तान की विविधता, सह-अस्तित्व और धार्मिक सौहार्द के सूत्रों को गुरु तेग बहादुर जी ने अपने जीवन से सशक्त किया। उनके आदर्श आज भी सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकार के पथप्रदर्शक हैं।
मुख्यमंत्री ने समारोह की सफलता और पंजाब सरकार के इस प्रेरणादायक प्रयास के लिए अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
बताया गया कि इस भव्य आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के प्रतिनिधि, धार्मिक विद्वान, विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिक, और केंद्रीय व राज्य सरकारों के पदाधिकारी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों से जोड़ना और उनके जीवन संदेश को व्यापक स्तर पर प्रचारित करना है।
Reviewed by PSA Live News
on
7:44:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: