ब्लॉग खोजें

ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर ठगी: राँची की युवती से साइबर अपराधी ने उड़ाए 8.51 लाख रुपए

खुद को आर्किटेक्ट बताने वाले युवक ने फ्लैट रजिस्ट्रेशन और ट्रेडिंग निवेश के नाम पर रची थी साजिश

राँची। ऑनलाइन दोस्ती कभी-कभी भारी पड़ सकती है। राँची की एक युवती को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा, जब एक साइबर अपराधी ने उसकी भावनाओं से खेलते हुए 8 लाख 51 हजार रुपये की ठगी कर ली।

पीड़िता पूनम कुमारी, जो किशोरगंज की रहने वाली है, ने साइबर क्राइम थाना, राँची में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए बयान में पूनम ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निश्चल शाह नामक व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को एलटी कंपनी, बेंगलुरु में आर्किटेक्ट बताकर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। उसने यह भी कहा कि वह नेपाल का रहने वाला है और पिछले नौ वर्षों से भारत में काम कर रहा है।

धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने के साथ उसने युवती का भरोसा जीत लिया। आरोप है कि इसके बाद उसने फ्लैट खरीदने, रजिस्ट्रेशन कराने और ट्रेडिंग में निवेश करने के बहाने उसे पैसे भेजने के लिए राजी कर लिया। आरोपी ने अलग-अलग झूठे कारण बताकर किश्तों में पैसे मंगवाए और हर बार नए बहाने बनाता गया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने पहले फ्लैट की बुकिंग राशि मांगी, फिर रजिस्ट्रेशन फीस और बाद में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर भी रकम भेजने को कहा। इतना ही नहीं, जब युवती ने पैसे वापस मांगने की बात कही तो उसने कहा कि उसका बैंक खाता फ्रीज हो गया है, और रकम निकालने के लिए कुछ और पैसे भेजने होंगे। इसी झांसे में आकर युवती ने कुल ₹8,51,000 रुपए उसके बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

बाद में जब आरोपी का संपर्क टूट गया और सोशल मीडिया अकाउंट बंद हो गए, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने खाता फ्रीज कराने और आरोपी की खोज शुरू की
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि जिस बैंक खाते में राशि भेजी गई है, उसे फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तकनीकी सेल की मदद से आरोपी के आईपी एड्रेस, मोबाइल नंबर और ईमेल ट्रेल की भी जांच की जा रही है।

साइबर थाना की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती या लेन-देन करने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच करें। किसी भी परिस्थिति में ऑनलाइन निवेश, गिफ्ट या रजिस्ट्रेशन फीस जैसे झांसे में न आएं।

ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर ठगी: राँची की युवती से साइबर अपराधी ने उड़ाए 8.51 लाख रुपए ऑनलाइन दोस्ती के नाम पर ठगी: राँची की युवती से साइबर अपराधी ने उड़ाए 8.51 लाख रुपए Reviewed by PSA Live News on 7:40:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.