रांची। दीपों का पर्व दीपावली जहां रोशनी, उल्लास और प्रेम का प्रतीक है, वहीं यह त्यौहार उन लोगों के लिए और भी खास हो जाता है, जो समाज की मुख्यधारा से कटे हुए होते हैं। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम अपना घर (सत्य-प्रेम सभागार) मे रह रहे 41 दिव्यांग एवं निराश्रितजनों ने इस वर्ष की दीपावली को हर्षोल्लास एवं भक्ति भाव से मनाया। इस विशेष अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी सेवाधाम मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, सजावटी दीयों, फूलों और बंदनवारों से भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया गया। वातावरण भक्ति से ओतप्रोत था, और हर चेहरे पर दीपावली की चमक झलक रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना से हुई, मंदिर के मुख्य पुजारी अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा अर्चना कर प्रसाद भोग लगाया । जिसमें सदगुरु की कृपा और राधा-कृष्ण के आशीर्वाद के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया। मंदिर प्रांगण भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा, जिससे एक दिव्य और आत्मिक वातावरण का निर्माण हुआ। अपना घर आश्रम में रह रहे दिव्यांग एवं निराश्रितजन, जो आमतौर पर सामाजिक उत्सवों से वंचित रह जाते हैं, उन्होंने इस दीपावली पर विशेष तैयारी की।ट्रस्ट की ओर से सभी को नए वस्त्र प्रदान किए गए, जिसे पहनकर उनके चेहरों पर आत्मसम्मान की एक अलग चमक देखने को मिली। वृद्धजनों ने मिलकर पटाखे फोड़े, रंगोली सजाई और मिठाइयों का आनंद उठाया। आपस में एक दूसरे को गले मिलकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। यह दृश्य देखकर स्वयंसेवकों और आगंतुकों की आंखें नम हो गईं, पर साथ ही उनके चेहरों पर संतोष की मुस्कान भी थी।दीपावली के इस पर्व पर प्रसाद भोग का भी वितरण किया गया। जिसमें सैकड़ो श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि ट्रस्ट द्वारा निरंतर सेवा, प्रेम एवं समर्पण के मूल मंत्र को लेकर समाज में वंचित वर्गों के उत्थान हेतु कार्य कर रहा है। अपना घर आश्रम उसी सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है, जहां प्रेम और सम्मान के साथ दिव्यांगों एवं निराश्रितों को एक नया जीवन दिया जा रहा है। इस दीपावली ने यह संदेश दिया कि यदि सेवा का दीप जलाया जाए, तो हर जीवन आलोकित हो सकता है। ट्रस्ट द्वारा किया गया यह प्रयास न केवल अनुकरणीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी है। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों के अलावे बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में दिव्यांगों और निराश्रितों ने हर्षोल्लास से मनाई दीपावली
Reviewed by PSA Live News
on
6:21:00 pm
Rating:
Reviewed by PSA Live News
on
6:21:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: