दीपावली महापर्व पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में हुआ दिव्य महाभिषेक, भगवान श्रीतिरुपति बालाजी के दर्शन से आलोकित हुआ पूरा परिसर
रांची। दीपों के इस पावन पर्व दीपावली के अवसर पर रांची स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने भक्तों के हृदय को गहराई तक स्पर्श कर लिया।
सुबह के शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीतिरुपति बालाजी का महाभिषेक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण और शंख–ध्वनि के बीच जब भगवान का अभिषेक किया गया तो वातावरण दिव्यता से भर उठा। महाभिषेक के पश्चात भगवान को दिव्य रेशमी वस्त्रों का नवीन पोशाक पहनाया गया तथा अनेकानेक स्वर्ण और रत्नजटित आभूषणों से अलंकृत किया गया।
भगवान श्रीवेंकटेश का मूल विग्रह चरणों से लेकर शिखा तक स्वर्ण कवच से आच्छादित किया गया था। इन झिलमिलाते आभूषणों और सुनहरे कवच में सुसज्जित भगवान के दर्शन पाकर भक्तों की आँखें श्रद्धा और आनंद से भर उठीं। भक्त बार-बार दर्शन कर अपने नेत्रों को तृप्त कर रहे थे।
मंदिर के पुजारियों द्वारा रजनीगंधा और गुलाब की सैकड़ों पुष्पमालाओं से भगवान का श्रृंगार किया गया। पूरा मंदिर परिसर 1001 मिट्टी के दीपकों की घी से जगमगाती लौ से आलोकित था, वहीं विद्युत झालरों से मंदिर का हर कोना तारों की भांति चमक रहा था। दीपों की यह अलौकिक आभा मानो स्वर्ग को धरती पर उतर आई हो।
इस पुण्य अवसर पर भगवान को खीर महाप्रसाद का भोग लगाया गया। महाप्रसाद पूरे दिन भक्तों के बीच वितरित होता रहा। श्रद्धालु दूर-दूर से दर्शन और प्रसाद पाने पहुंचे, जिससे मंदिर प्रांगण में भक्तों की भीड़ लगी रही।
इस दिव्य आयोजन के यजमान श्री आनंद प्रकाश अग्रवाल एवं धर्मपत्नी श्रीमती राधिका अग्रवाल, तथा श्री अनूप अग्रवाल एवं धर्मपत्नी श्रीमती मधु अग्रवाल (रांची निवासी) रहे। वहीं पुष्प श्रृंगार का निवेदन श्री शशि भूषण सिंह एवं धर्मपत्नी श्रीमती बीना सिंह (रांची निवासी) द्वारा किया गया।
पूरे दिन मंदिर में भक्ति संगीत, भजन और आरती की गूंज बनी रही। संध्या आरती के समय मंदिर के घंटों की गूंज, दीपों की रौशनी और भक्तों के जयघोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस तरह दीपावली के पावन अवसर पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में हुए इस दिव्य आयोजन ने न केवल भक्तों के हृदय को भक्ति और आनंद से भर दिया, बल्कि पूरे रांची में आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रकाश का संचार कर दिया।
Reviewed by PSA Live News
on
7:27:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: