उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में तैयारियों की समीक्षा की
सुरक्षा, यातायात, आवास, चिकित्सा, स्वच्छता व बिजली आपूर्ति की व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
राँची, 21 अक्टूबर 2025 : राजधानी राँची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रही है। 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 4th SAAF Senior Athletics Championships, 2025 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशियाई देशों — भारत, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान और अफगानिस्तान के शीर्ष एथलीट हिस्सा लेंगे।
इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय तथा विभिन्न विभागों की ओर से जोर-शोर से तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मोरहाबादी स्टेडियम पहुँचकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशक श्री शेखर जमुआर, वरीय पुलिस अधीक्षक राँची श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को मिली प्राथमिकता
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों तथा अतिथियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ट्रैफिक विभाग को पार्किंग क्षेत्रों, प्रवेश मार्गों और आपातकालीन रास्तों के संकेतक बोर्ड स्पष्ट रूप से लगाने के निर्देश दिए गए।
खिलाड़ियों के आवास और परिवहन की तैयारी पर बल
उपायुक्त श्री भजन्त्री ने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक आवास व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला परिवहन पदाधिकारी को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, होटल और स्टेडियम के बीच विशेष शटल वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया।
साथ ही, वाहनों के मूवमेंट के लिए विशेष पास प्रणाली और पार्किंग एरिया में यातायात कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं की तैयारी
खेल आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है।
स्टेडियम परिसर में 24 घंटे संचालित होने वाली मेडिकल यूनिट, एम्बुलेंस, फर्स्ट एड सेंटर की व्यवस्था की जा रही है।
इसके अतिरिक्त रिम्स और सदर अस्पताल में आपातकालीन बेड, रक्त की उपलब्धता तथा एम्बुलेंस आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छता, जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था की समीक्षा
उपायुक्त ने नगर निगम को स्टेडियम परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, कचरा निष्पादन, पेयजल आपूर्ति और सार्वजनिक शौचालयों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने को कहा।
विद्युत विभाग को सतत विद्युत आपूर्ति, हाई-मास्ट लाइटिंग, जनरेटर बैकअप और अत्यावश्यक पॉवर पॉइंट्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी और मीडिया तैयारियों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ट्रैक एंड फील्ड की तैयारी, इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम, डिजिटल स्कोर बोर्ड, वार्मअप जोन, वीआईपी क्षेत्र और मीडिया गैलरी का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि आयोजन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, इसलिए मीडिया सेंटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, लाइव फीड सिस्टम और प्रेस कोऑर्डिनेशन की व्यवस्था सर्वोत्तम स्तर की होनी चाहिए।
“आयोजन बने अनुशासन, सौहार्द और उत्कृष्ट प्रबंधन का उदाहरण” – उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि राँची के लिए यह गर्व का क्षण है कि राजधानी को दक्षिण एशिया के इस प्रतिष्ठित एथलेटिक्स आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा —
“यह आयोजन न केवल झारखण्ड बल्कि पूरे हिंदुस्तान के लिए सम्मान की बात है। हमारा उद्देश्य है कि हर खिलाड़ी, अधिकारी और अतिथि ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना को महसूस करे। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि आयोजन अनुशासन, सौहार्द और उत्कृष्ट प्रबंधन का प्रतीक बने।”
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियाँ पूर्ण की जाएँ, ताकि राँची आने वाले एथलीटों और दर्शकों को एक सुसंगठित, सुरक्षित और यादगार अनुभव प्राप्त हो।
4th SAAF Senior Athletics Championships, 2025 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राँची की पहचान, आतिथ्य और संगठन क्षमता की परीक्षा है। प्रशासन के प्रयास हैं कि यह आयोजन झारखण्ड की खेल संस्कृति, समर्पण और अनुशासन का ऐसा उदाहरण बने जिसे आने वाले वर्षों तक याद किया जाए।
Reviewed by PSA Live News
on
7:52:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: