ब्लॉग खोजें

ब्राम्बे में मोबाइल दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात


मांडर (राँची), 19 अक्टूबर। 
मांडर थाना क्षेत्र के ब्राम्बे स्थित गुलजार मोबाइल सेंटर में शुक्रवार की देर रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान का छप्पर तोड़कर भीतर घुसकर करीब 3 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, एसेसरीज और नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान के मालिक गुलजार अली ने बताया कि उनकी दुकान रांची–मेदिनीनगर मुख्य सड़क पर ब्राम्बे चौक के निकट स्थित है। रोज की तरह उन्होंने शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि छप्पर का एस्बेस्टस उखड़ा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है।

गुलजार ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखे नए और पुराने मोबाइल सेट, हेडफोन, चार्जर, पावर बैंक जैसे कई महंगे एसेसरीज और ड्रॉअर में रखे लगभग पाँच हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियाँ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि —

“सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। तकनीकी सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।”

पुलिस ने दुकान संचालक की लिखित शिकायत दर्ज कर मामला संख्या दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जाँच की जा रही है ताकि अपराधियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता उत्पन्न हो गई है। उनका कहना है कि बीते कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ी हैं, लेकिन रात्रि गश्त में अपेक्षित सतर्कता नहीं दिख रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने की माँग की है।

पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर चोरी किए गए मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद कर ली जाएगी।

ब्राम्बे में मोबाइल दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात ब्राम्बे में मोबाइल दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात Reviewed by PSA Live News on 7:48:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.