जीजीपीएस, बीएस सिटी में प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप–2025 का भव्य शुभारंभ
बोकारो। नृत्य, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के मनमोहक वातावरण के बीच जीजीपीएस, बीएस सिटी, बोकारो में प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप–2025 का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ किया गया। यह आयोजन न केवल खेल प्रतियोगिता है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश भी देता है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ ऐतिहासिक प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के माननीय मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद, टुंडी विधायक सह झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मथुरा प्रसाद महतो, चंदनकियारी विधायक श्री उमाकांत रजक, उपायुक्त बोकारो श्री अजय नाथ झा, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री फिरोज अहमद, झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव श्री संजय शर्मा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इससे पूर्व अतिथियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
17 राज्यों की लगभग 500 महिला खिलाड़ी ले रहीं हिस्सा
इस राष्ट्रीय महिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में देश के 17 राज्यों से लगभग 500 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्ग एवं भार वर्गों में आयोजित की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
बोकारो हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है : मंत्री योगेंद्र प्रसाद
अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बोकारो जिला खेल, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित हर क्षेत्र में निरंतर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आने वाले समय में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
उन्होंने बेटियों की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां किसी भी दृष्टि से कमजोर नहीं हैं।
“बेटियां अभिशाप नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए वरदान हैं। वे हर क्षेत्र में झारखंड और देश का नाम रोशन कर रही हैं।”
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेल में झारखंड की नई पहचान : मथुरा प्रसाद महतो
माननीय विधायक टुंडी श्री मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड ने खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सीधे पदाधिकारी पद पर नियुक्ति दे रही है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं उपायुक्त बोकारो को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा मार्च माह में खो-खो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की भी जानकारी दी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं युवाओं को खेल से जोड़ती हैं : उमाकांत रजक
माननीय विधायक चंदनकियारी श्री उमाकांत रजक ने कहा कि बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति नई चेतना और उत्साह पैदा होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में पीछे नहीं है।
महेंद्र सिंह धोनी, सौरव तिवारी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बोकारो आने वाले समय में एजुकेशनल हब के साथ-साथ खेल का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।
डर को त्यागें, साहस के साथ आगे बढ़ें : उपायुक्त अजय नाथ झा
उपायुक्त बोकारो श्री अजय नाथ झा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, साहस और आत्मविश्वास का माध्यम है।
“यह खेल सिखाता है कि हमें किसी से डरना नहीं, बल्कि आत्मबल के साथ हर चुनौती का सामना करना है।”
उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और खेल विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे बोकारो जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया का मार्गदर्शन
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री फिरोज अहमद एवं झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव श्री संजय शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं।
उन्होंने महिला खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्रीमती हेमलता बुन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार सिंह, जीजीपीएस स्कूल प्रबंधन के निदेशक, प्राचार्य, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
6:54:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: