स्नान-दान अमावस्या पर दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में भव्य महाभिषेक, धनुर्मास महोत्सव का चौथा दिन श्रद्धा से संपन्न
रांची। शुक्रवार के शुभ अवसर पर पौष कृष्णपक्ष की स्नान-दान अमावस्या तिथि के पावन योग में दिव्यदेशम् श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में भगवान श्रीतिरुपति बालाजी का अत्यंत भव्य एवं वैदिक विधि-विधान से महाभिषेक संपन्न हुआ। इस अवसर पर धनुर्मास महोत्सव के चौथे दिन तिरूप्पावै, गोदा–रंगनाथ व्रत का भी शास्त्रोक्त परंपराओं के अनुरूप विधिवत् आयोजन किया गया।
प्रातःकाल संपूर्ण सिद्धियों के स्वामी, सिद्धिदाता भगवान श्रीमन्नारायण की षोडशोपचार नित्य आराधना के साथ अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात दूध, दधि, शहद, गंगाजल, केसर एवं डाभयुक्त जल से क्रमशः सहस्त्रधारा, कुंभधारा, शंखधारा एवं चक्रधारा के माध्यम से महाभिषेक कराया गया। इस दौरान तैत्तिरीयोपनिषद्, नारायणसूक्त, पुरुषसूक्त एवं श्रीसूक्त के वैदिक मंत्रोच्चारण से मंदिर परिसर पूर्णतः आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत हो उठा।
महाभिषेक के पश्चात भगवान को नवीन वस्त्रों एवं दिव्य आभूषणों से अलंकृत कर भव्य महाआरती संपन्न हुई। सुश्राव्य वेदध्वनियों के बीच महास्तुति की गई, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिरस में डूब गया। धनुर्मास महोत्सव के चौथे दिन श्रीगोदा–रंगनाथ भगवान की अनुग्रह-निग्रह कृपा की कामना के साथ तिरूप्पावै प्रबंध का सस्वर गान किया गया तथा भगवान श्रीमन्नारायण को औषधि पान कराया गया। इस अवसर पर गोदास्तुति, गोदा प्रपत्ति, रंगनाथ मंगलाशासनम्, श्रीस्तुति एवं भूस्तुति का भावपूर्ण पारायण भी हुआ।
धनुर्मास की परंपरा के अनुरूप भगवान को प्रतिदिन नवीन परिधान धारण कराए जाते हैं। इसी क्रम में चौथे दिन भगवान को ‘आलि’ नामक विशेष पोशाक धारण कराई गई, जिससे भगवान का दिव्य स्वरूप और भी मनोहारी हो उठा।
आज के महाभिषेक के यजमान रांची निवासी श्री मनोज केजरीवाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता केजरीवाल रहे। दिनभर का भोग निवेदन श्री अनीश अग्रवाल एवं श्रीमती सोनिया अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि एक समय का भोग श्रीमती चंदा देवी वंका ने अर्पित किया।
पूरे दिन चले अनुष्ठान को मंदिर के विद्वान अर्चकों श्री सत्यनारायण गौतम, श्री गोपेश आचार्य एवं श्री नारायण दास जी ने सामूहिक रूप से शास्त्रोक्त विधि से संपन्न कराया। इस अवसर पर राम अवतार नरसरिया, ओमप्रकाश केजरीवाल, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, सुनील केजरीवाल, रंजन सिंह, ओमप्रकाश गाड़ोदिया, शम्भुनाथ पोद्दार, प्रभाष मित्तल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पुण्य लाभ अर्जित किया।
धनुर्मास महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन हो रहे इन धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर में भक्ति, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
Reviewed by PSA Live News
on
6:53:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: