ब्लॉग खोजें

भव्य आस्था का महोत्सव: रांची में 10–11 जनवरी को आदि शक्ति श्री जीण माताजी का 16वां वार्षिकोत्सव



रांची।
शक्ति, श्रद्धा और परंपरा के संगम का साक्षी बनने जा रहा है रांची। श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची के तत्वावधान में आदि शक्ति श्री जीण माताजी का दो दिवसीय 16वां वार्षिकोत्सव आगामी 10 एवं 11 जनवरी 2026 को स्थानीय मारवाड़ी भवन परिसर, हरमू रोड में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर निशान यात्रा, अभिषेक, शक्ति मंगल पाठ, भजन-कीर्तन और महाआरती सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

10 जनवरी: 501 निशानों के साथ भव्य नगर भ्रमण

उत्सव के प्रथम दिन 10 जनवरी 2026 को आदि शक्ति श्री जीण माताजी की निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा सेवा सदन पथ स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से दोपहर 1 बजे प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए मारवाड़ी भवन पहुंचेगी। यहां सभी निशान माता को अर्पित किए जाएंगे।

इस वर्ष की निशान यात्रा की विशेषता यह है कि 501 निशान उठाए जाएंगे, जिनका वितरण लक्ष्मी नारायण मंदिर से किया जाएगा। यात्रा का संचालन समिति सदस्य श्री विष्णु सेन एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया जाएगा। श्रद्धालुओं में इस भव्य यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

11 जनवरी: अभिषेक, शक्ति मंगल पाठ और महाआरती

उत्सव के दूसरे दिन 11 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे श्री जीण माताजी का अभिषेक उत्सव आयोजित होगा। इस अभिषेक के मुख्य संयोजक श्री विजय पालड़ीवाल एवं सह-संयोजक श्री ओम प्रकाश अग्रवाल अपने परिवार सहित माता का अभिषेक करेंगे।

अभिषेक के उपरांत भगवान श्री गणेश का पूजन होगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 700 महिलाओं द्वारा शक्ति मंगल पाठ किया जाएगा। इस अवसर पर सभी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होकर भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेंगी।

मंगल पाठ के वाचन एवं भजन गायन के लिए जीणधाम से श्री आनंद जी पाराशर तथा वर्धा से सुश्री रिंकू चौबे पधार रहे हैं। इस दौरान जीण जन्मोत्सव, मेंहदी, 56 भोग एवं निशान के विशेष कार्यक्रम भी होंगे।

विशेष आकर्षण के रूप में माताजी को 51 फीट का गजरा एवं 181 फीट की चुनरी अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम का समापन रात्रि 8 बजे महाआरती के साथ होगा।

कूपन वितरण

वार्षिकोत्सव के अंतर्गत निशान एवं शक्ति मंगल पाठ के लिए कूपन वितरण 5 जनवरी 2026 से मारवाड़ी भवन में अपराह्न 3 बजे से संध्या 5 बजे तक किया जा रहा है।

आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी समिति

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने हेतु समिति के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री विजय पालड़ीवाल, सचिव श्री नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष श्री बजरंग सोमानी, सह सचिव श्री प्रदीप शर्मा सहित संदीप, रमेश, कृष्णा, विनोद, सुरेश, आनंद, घनश्याम, अजय, विनय, गौरव, विशाल तथा महिला सदस्यों में सुनीता, कविता, शीतल, रितु, ऊषा, संगीता, ज्योति, नीरा, निधि, सविता, नेहा, सुमन, प्रिया समेत अनेक सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

आदि शक्ति श्री जीण माताजी: आस्था, इतिहास और चमत्कार

सीकर (राजस्थान) जिले के गोरिया धाम में स्थित आदि शक्ति श्री जीण माताजी (दुर्गा स्वरूपा) का मंदिर आठवीं शताब्दी से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। जनश्रुतियों के अनुसार, जब औरंगजेब ने इस मंदिर को ध्वस्त करने के उद्देश्य से सेना के साथ आक्रमण किया, तब माता ने भंवरों (मधुमक्खियों) की सेना भेजकर आक्रमण विफल कर दिया। कहा जाता है कि भंवरों के प्रहार से औरंगजेब की सेना पराजित होकर लौट गई और स्वयं औरंगजेब भी पीड़ित हुआ। पश्चाताप के बाद माता की कृपा से उसकी दृष्टि लौटी और उसने प्रतिमाह सवा मन तेल चढ़ाने का प्रण लिया, जिससे अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित रहे। यह परंपरा आज भी हिंदुस्तान सरकार द्वारा निभाई जा रही है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जीण माताजी का मूल नाम जीवण बाई था। उनका जन्म राजस्थान के चूरू जिले के घांघू गांव में चौहान वंश के राजा गांगो सिंह के यहां हुआ। उनके बड़े भाई हर्ष को भगवान भैरव का अवतार माना जाता है। पारिवारिक प्रसंगों के बाद जीवण अरावली के हर्ष पर्वत पर तपस्या में लीन हुईं और देवी रूप में प्रतिष्ठित हुईं।

आज भी चैत्र और अश्विन नवरात्र में यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं। मंदिर के पट कभी बंद नहीं होते—यहां तक कि ग्रहण काल में भी माता की आरती समय पर होती है। यही कारण है कि जीण माताजी का धाम आस्था, विश्वास और निर्भयता का प्रतीक माना जाता है।

रांची में आयोजित यह 16वां वार्षिकोत्सव न केवल धार्मिक अनुष्ठानों का संगम होगा, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए शक्ति, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का अनुपम पर्व भी सिद्ध होगा।

भव्य आस्था का महोत्सव: रांची में 10–11 जनवरी को आदि शक्ति श्री जीण माताजी का 16वां वार्षिकोत्सव भव्य आस्था का महोत्सव: रांची में 10–11 जनवरी को आदि शक्ति श्री जीण माताजी का 16वां वार्षिकोत्सव Reviewed by PSA Live News on 7:52:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.