ब्लॉग खोजें

वीबीजी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल: राखी शर्मा


हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा) । 
भारतीय जनता पार्टी की जिला सचिव एवं गुरुग्राम विधानसभा संयोजक राखी शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर लागू की गई विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबीजी राम जी का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह नई व्यवस्था रोजगार, पारदर्शिता और स्थायी विकास को एक साथ गति देने का कार्य करेगी।


राखी शर्मा ने कहा कि पहले जहां ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलती थी, वहीं अब वीबीजी राम जी के माध्यम से इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। अधिक कार्य दिवस मिलने से मजदूरों की आय में सीधा इजाफा होगा, परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और गांवों से शहरों की ओर होने वाला पलायन कम होगा। इससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक आजीविका का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।


उन्होंने कहा कि योजना में फंडिंग का नया ढांचा केंद्र और राज्यों की साझा जिम्मेदारी तय करता है। इससे राज्य सरकारों की भागीदारी बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी और विकास कार्यों की गुणवत्ता में सुधार आएगा। परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूरी होंगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा।


राखी शर्मा ने बताया कि वीबीजी राम जी के अंतर्गत जल संरक्षण, ग्रामीण सड़क निर्माण, नालियों का निर्माण, सामुदायिक परिसंपत्तियों का विकास, कृषि एवं आजीविका से जुड़े संसाधनों को सुदृढ़ करना तथा जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इससे गांवों में स्थायी और उपयोगी निर्माण कार्य होंगे, जिनका लाभ किसानों, मजदूरों और आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक मिलेगा।


उन्होंने कहा कि डिजिटल मॉनिटरिंग, जियो टैगिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं से पारदर्शिता बढ़ेगी, फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और श्रमिकों को समय पर भुगतान मिलेगा। इससे वास्तविक लाभार्थियों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।


राखी शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में वीबीजी राम जी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और हरियाणा सहित देश के लाखों ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।

वीबीजी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल: राखी शर्मा वीबीजी राम जी योजना ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल: राखी शर्मा Reviewed by PSA Live News on 10:40:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.