ब्लॉग खोजें

भोपाल में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: वन विभाग रेंजर के घर को बनाया निशाना, ज़कात के लिए रखा सोना भी ले उड़े बदमाश

भोपाल। राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना बदवई स्थित नाइस स्पेस कॉलोनी के जी-ब्लॉक 104 की है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के नगद और आभूषण पार कर दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में रहने वाले शोएब वन विभाग में रेंजर के पद पर पदस्थ हैं। दो दिन पूर्व उनका एक सड़क हादसा हो गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह उनका ऑपरेशन हुआ। परिवार पहले से ही इस आकस्मिक संकट से जूझ रहा था, और इसी बीच चोरों ने घर की रेकी कर वारदात को अंजाम दे डाला।

अस्पताल के खर्च के लिए घर पहुंचीं, तो खुला मिला दरवाज़ा

दोपहर करीब 3 बजे सबाहा फातिमा अस्पताल में जमा करने के लिए नकदी लेने घर पहुंचीं। जैसे ही उन्होंने फ्लैट का दरवाज़ा देखा, वह खुला हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी के लॉकर तोड़े जा चुके थे और कीमती सामान गायब था। यह दृश्य देख उनके होश उड़ गए।

बताया जा रहा है कि फरियादी एक स्कूल भी संचालित करती हैं। घर में रखा नगद पैसा स्कूल के भुगतान और अस्पताल के खर्च के लिए निकाला गया था। इसके अलावा करीब 15 तोला सोना, जो ज़कात देने के लिए अलग रखा गया था, तथा लगभग 1 किलो चांदी और करीब 5 लाख रुपये नगद चोर लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार कुल नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है।

पुलिस हरकत में, टीम गठित

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी ज़ोन-4 मयूर खंडेलवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया। निशातपुरा थाना प्रभारी (टीआई) और एसीपी निशातपुरा स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े कॉलोनी के अंदर इस तरह की बड़ी चोरी ने स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं होंगी, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेगा?

अब बड़ा सवाल यही है —

क्या पुलिस जल्द इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कर पाएगी, या फिर यह मामला भी लंबित फाइलों में दबकर रह जाएगा?

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

भोपाल में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: वन विभाग रेंजर के घर को बनाया निशाना, ज़कात के लिए रखा सोना भी ले उड़े बदमाश भोपाल में दिनदहाड़े लाखों की चोरी: वन विभाग रेंजर के घर को बनाया निशाना, ज़कात के लिए रखा सोना भी ले उड़े बदमाश Reviewed by PSA Live News on 7:14:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.