मारवाड़ी भवन में 22 मार्च को प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक व सम्मान समारोह, नगर निकाय चुनाव में विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
रांची: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की द्वितीय प्रांतीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन 22 मार्च (रविवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के बहुउद्देशीय सभागार में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर समाज के विभिन्न स्तरों पर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।
सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं महामंत्री विनोद कुमार जैन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें पिछली कार्यसमिति बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, महामंत्री द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करना, प्रांतीय पदाधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह बैठक संगठन की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, समाज के भीतर बेहतर समन्वय और सक्रियता को बढ़ाने के लिए ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
बैठक के उपरांत एक भव्य सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हाल ही में संपन्न झारखंड नगर निकाय चुनाव में मारवाड़ी समाज से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इस बार के नगर निकाय चुनाव में मारवाड़ी समाज से 1 मेयर, 2 अध्यक्ष, 3 उपाध्यक्ष एवं 18 वार्ड पार्षद निर्वाचित हुए हैं, जो समाज की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और प्रभाव को दर्शाता है।
सम्मेलन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सम्मान समारोह के माध्यम से समाज के जनप्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने सम्मेलन के सभी कार्यसमिति सदस्यों, पूर्व प्रांतीय अध्यक्षों, जिला एवं शाखा अध्यक्षों, मंत्रियों, विशेष आमंत्रित सदस्यों तथा परामर्शदात्री समिति के सदस्यों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण बैठक एवं सम्मान समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर इसे सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल संगठन को मजबूती देते हैं, बल्कि समाज के भीतर नेतृत्व और सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
Reviewed by PSA Live News
on
11:55:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: