ब्लॉग खोजें

दरभंगा में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनगणना-2027 की प्रगति पर कड़ा फोकस


दरभंगा, 27
अप्रैल 2026: समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व तथा जन शिकायतों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निष्पादित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

आरटीपीएस एवं राशन कार्ड से जुड़े लंबित आवेदनों को लेकर जिलाधिकारी ने चिंता जताते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई कर इनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्व-गणना अभियान की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही चार्ज पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण करने और वरीय अधिकारियों को निर्धारित प्रखंडों में जाकर कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अपर समाहर्ताओं को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने को कहा तथा जिला कृषि पदाधिकारी को किसान सलाहकारों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्व-गणना को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही है और इसमें नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को पूर्ण रूप से सुरक्षित एवं गोपनीय रखा जाएगा। साथ ही नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जिले में 1 लाख 20 हजार से अधिक लोगों द्वारा स्व-गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है, जो प्रशासन के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।

बैठक के अंत में उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जन शिकायतों के त्वरित निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

दरभंगा में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनगणना-2027 की प्रगति पर कड़ा फोकस दरभंगा में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनगणना-2027 की प्रगति पर कड़ा फोकस Reviewed by PSA Live News on 10:31:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.