रांची, ब्यूरो: झारखंड की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज झारखंड मंत्रालय, रांची में भूमिज समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जमशेदपुर के गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आगामी 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं भूमिज विद्रोह के अग्रदूत वीर शहीद गंगानारायण सिंह की 236वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन न केवल भूमिज समाज के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे झारखंड और हिंदुस्तान के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को याद करने और नई पीढ़ी को उससे जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक झलकियों के माध्यम से वीर गंगानारायण सिंह के योगदान को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आमंत्रण के लिए प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की धरती वीरों और बलिदानियों की भूमि रही है, और ऐसे आयोजनों से समाज को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा भी व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार आदिवासी नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को संरक्षित और प्रचारित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में श्री संजय सरदार, श्री हिमांशु सिंह, श्री राधेश्याम भूमिज, श्री ईश्वर लाल सरदार, श्री अमर सिंह भूमिज तथा श्री भुगुराय सरदार शामिल थे। साथ ही स्थानीय विधायक श्री संजीव सरदार भी इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान मौजूद रहे।
गौरतलब है कि वीर शहीद गंगानारायण सिंह ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ 19वीं सदी में भूमिज विद्रोह का नेतृत्व करते हुए आदिवासी स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अलख जगाई थी। उनके बलिदान और संघर्ष की गाथा आज भी झारखंड के जनमानस में जीवित है।
यह आयोजन एक बार फिर झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वीरता की परंपरा को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का काम करेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
10:09:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: