हरमू जतरा मैदान और नदी किनारे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जुआ व नशाखोरी पर कसा शिकंजा; 2 दर्जन से अधिक लोग डिटेन
रांची: राजधानी रांची में नशाखोरी और जुआ के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में हरमू जतरा मैदान और हरमू नदी किनारे सोमवार को पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि हरमू जतरा मैदान और नदी किनारे कुछ लोग खुलेआम नशा करते हुए जुआ (कार्ड खेल) खेल रहे हैं, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। शिकायतों के आधार पर अरगोड़ा, कोतवाली और सुखदेव नगर थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी अभियान चलाया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोग पुलिस को देखते ही भागने लगे, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल हो रहे ताश के पत्ते सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशाखोरी व जुआ जैसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कदमों से इलाके का माहौल बेहतर होगा और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Reviewed by PSA Live News
on
11:07:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: