शबद कीर्तन से गूंजा गुरुद्वारा साहिब, भाई सरबजीत सिंह ने बांधा समां | 37 श्रद्धालुओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
रांची। वैसाखी एवं श्री गुरु अंगद देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा एवं गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय महान कीर्तन दरबार का रविवार को भव्य समापन हुआ। समागम के दूसरे दिन सजे अंतिम विशेष दीवान में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल द्वारा मधुर शबद कीर्तन “तेरे कवण कवण गुण गांवा तु साहिब गुणी निधाना…” से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके बाद गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह जी ने कथा वाचन के माध्यम से संगत को गुरु इतिहास से जोड़ते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी ने “तपत कढ़ाहा बूझ गया…” जैसे भावपूर्ण शबद प्रस्तुत कर संगत को भाव-विभोर कर दिया।
इस समागम का मुख्य आकर्षण रहे पटना साहिब से पधारे प्रख्यात कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह जी, जिन्होंने “गुर पूरा भेटिऊ वडभागी…”, “तन मन होए निहाल…”, “सुख तेरा दित्ता लहीए…” और “माधो हम ऐसे तू ऐसा…” जैसे अनेक शबदों की प्रस्तुति से पूरे दीवान को भक्तिरस में डुबो दिया। उनके कीर्तन के दौरान संगत लगातार “वाहे गुरु” के सिमरन में लीन रही।
दीवान का समापन श्री आनंद साहिब पाठ, अरदास, हुकुमनामा और कढ़ाह प्रसाद वितरण के साथ दोपहर लगभग 3:15 बजे हुआ। इसके साथ ही दो दिवसीय कीर्तन समागम का विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सम्मान समारोह
समारोह में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह टिंकू एवं वार्ड 30 की पार्षद सोनी देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान समाजसेवी सन्नी बवेजा को गुरुद्वारा में वाटर फिल्टर सेवा के लिए सरोपा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
महापौर रोशनी खलखो ने संगत को वैसाखी एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों की सराहना की।
लाइव प्रसारण और सेवा कार्य
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल “मेरे साहिब” पर किया गया। समागम के दौरान छबील लगाकर श्रद्धालुओं के बीच शरबत एवं गुरु नानक भवन कमेटी द्वारा बादाम शेक का वितरण किया गया।
रक्तदान शिविर बना आकर्षण का केंद्र
इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में आयोजित रक्तदान शिविर में 8 महिलाओं सहित कुल 37 श्रद्धालुओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। यह शिविर शोनित फाउंडेशन द्वारा संचालित ऑर्किड ब्लड सेंटर के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें डॉक्टर भाशवती, डॉक्टर शिल्पी सिंह मुखर्जी और शैलेश गुप्ता की अहम भूमिका रही।
सेवा में जुटे रहे श्रद्धालु
समागम की सफलता में लंगर सेवा, जूता घर सेवा, सोशल मीडिया प्रचार एवं अन्य व्यवस्थाओं में बड़ी संख्या में सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।
यह दो दिवसीय कीर्तन समागम न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक सेवा, विशेषकर रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों के माध्यम से मानवता का संदेश भी दे गया।
Reviewed by PSA Live News
on
6:16:00 pm
Rating:


कोई टिप्पणी नहीं: