रांची: गुड फ्राइडे पर्व के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व निर्धारित झारखंड बंद की तिथि में बदलाव किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने घोषणा करते हुए बताया कि अब झारखंड बंद 9 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा “सर्व पंथ समभाव” की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है और किसी भी धर्म या समुदाय के धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न करना पार्टी की नीति के खिलाफ है। इसी भावना के तहत गुड फ्राइडे को ध्यान में रखते हुए बंद की तारीख बदली गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध, जैसे बलात्कार और दुष्कर्म, लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उन्होंने 24 मार्च को हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंबा गांव में एक बेटी के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और सरकार केवल वोट बैंक की राजनीति में लिप्त है।
भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर 3 अप्रैल को राज्य के सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जिसके माध्यम से सरकार के खिलाफ जनआक्रोश व्यक्त किया जाएगा। इसके बाद 9 अप्रैल को झारखंड बंद कर राज्य सरकार को चेतावनी देने और कानून-व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध की स्थिति अब चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे जनता में आक्रोश है। भाजपा का मानना है कि अब समय आ गया है कि जनता सड़कों पर उतरकर सरकार को आईना दिखाए और अपनी आवाज बुलंद करे।
भाजपा ने राज्य की जनता से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन में भाग लें और राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग को मजबूती प्रदान करें।
कोई टिप्पणी नहीं: