ब्लॉग खोजें

नगर कीर्तन को लेकर तैयारियां तेज: साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर पार्षद प्रतिनिधि संग महत्वपूर्ण बैठक


रांची:
गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा आयोजित होने वाले दसवें महान कीर्तन दरबार की तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में आगामी 17 अप्रैल को प्रस्तावित भव्य नगर कीर्तन के सफल संचालन को लेकर सोमवार को गुरु नानक भवन कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भवन कमेटी के सचिव नरेश पपनेजा ने की, जिसमें वार्ड संख्या 30 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता समेत जत्था के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में नगर कीर्तन के रूट को लेकर विशेष चर्चा की गई। चूंकि यह नगर कीर्तन कृष्णा नगर कॉलोनी के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरेगा, इसलिए पूरे मार्ग की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, नियमित जल छिड़काव और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस संबंध में एक औपचारिक ज्ञापन पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता को सौंपा गया। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का आश्वासन दिया। साथ ही, इन मांगों को लेकर रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर नीरज कुमार को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

गुरु नानक सेवक जत्था के सदस्य इनीश काठपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 अप्रैल को सुबह 4:45 बजे कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब के दर्शन दिउड़ी गेट से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इसमें पांच निशानची और पांच प्यारों की अगुवाई में पुष्प सवारी पर विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की शोभायात्रा पूरे क्षेत्र में भ्रमण करेगी। नगर कीर्तन के दौरान गुरु नानक सत्संग सभा की कीर्तन मंडली द्वारा पूरे मार्ग में शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 18 और 19 अप्रैल को दो विशेष दीवान भी सजाए जाएंगे। पहला दीवान 18 अप्रैल, शनिवार को रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा दूसरा दीवान 19 अप्रैल, रविवार को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित होगा। इन दीवानों में सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी जत्था भाई सरबजीत सिंह जी (पटना साहिब) द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 19 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। दोनों ही दीवानों की समाप्ति के पश्चात गुरु का अटूट लंगर श्रद्धालुओं के लिए निरंतर चलता रहेगा।

बैठक का संचालन सूरज झंडई ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पीयूष मिड्ढा ने दिया। इस अवसर पर अशोक गेरा, जीतू अरोड़ा, करण अरोड़ा, यश घई, वंश डावरा, कनिष गाबा, तुषार मुंजाल, गीतांशु तेहरी, रूद्र गिरधर, सुमित मिड्ढा, राकेश घई, ऋतिक अरोड़ा, प्रथम मिड्ढा, गीत सचदेवा, कृष्ण अरोड़ा, पिंटु सिंह, अमन डावरा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।

नगर कीर्तन को लेकर तैयारियां तेज: साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर पार्षद प्रतिनिधि संग महत्वपूर्ण बैठक नगर कीर्तन को लेकर तैयारियां तेज: साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर पार्षद प्रतिनिधि संग महत्वपूर्ण बैठक Reviewed by PSA Live News on 10:33:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.