ब्लॉग खोजें

पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के निर्देश: डीएम की समीक्षा बैठक में घर-घर जागरूकता पर जोर


दरभंगा, 29 अप्रैल 2026: 
जिले में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की, जिसमें योजना की प्रगति, चुनौतियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के सभी सहायक एवं कनीय अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनसे सीधे संपर्क स्थापित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप संयंत्र के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए और उन्हें योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए।

समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार बीते 22 दिनों में विद्युत अभियंताओं द्वारा जिले के कुल 7,260 घरों का भ्रमण किया गया है। इस दौरान 1,446 उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई है, जो एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। जिलाधिकारी ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक अभियंता कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं को चिन्हित कर उन्हें आवेदन की प्रक्रिया तक पहुंचाएं।

कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से डीएम ने टीम बनाकर अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों से ही लक्ष्य की प्राप्ति संभव है। साथ ही उन्होंने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता योजना के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए आधार संख्या और बिजली बिल आवश्यक होगा।

बैठक में पीएम कुटीर योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अस्वीकृत करने से पहले आवेदक को दस्तावेज़ों की कमी की जानकारी अवश्य दी जाए, ताकि वे उसे पूरा कर सकें। इसके अतिरिक्त, अभियंताओं को आवेदनों की नियमित निगरानी और फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इससे जोड़ने के लिए सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि जिले के लोग सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा सकें।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, डीपीएम जीविका ऋचा गार्गी, विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, शहरी एवं ग्रामीण विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के पदाधिकारी सहित सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित रहे।

पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के निर्देश: डीएम की समीक्षा बैठक में घर-घर जागरूकता पर जोर  पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के निर्देश: डीएम की समीक्षा बैठक में घर-घर जागरूकता पर जोर Reviewed by PSA Live News on 7:19:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.