ब्लॉग खोजें

झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया हालचाल

 


रांची। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को उन्हें रांची के एचबी रोड स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी रख रही है और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के सिलसिले में गए हुए थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत में गिरावट आने लगी। रविवार को वे पश्चिम बंगाल से पलामू जिले के मेदिनीनगर पहुंचे थे, जहां से उनकी तबीयत खराब होने की खबर सामने आई। हालांकि, सोमवार शाम वे पलामू से रांची लौट आए, लेकिन देर रात उनकी स्थिति और बिगड़ गई।

स्थिति को देखते हुए मंगलवार सुबह उन्हें तत्काल सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों द्वारा विभिन्न आवश्यक जांच कराई जा रही हैं ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

वित्त मंत्री के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन स्वयं अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से मंत्री के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फिलहाल मंत्री की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक ताजा बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया हालचाल झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया हालचाल Reviewed by PSA Live News on 4:37:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.