रांची: राजधानी रांची के अपर बाजार स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में शनिवार, 11 अप्रैल से विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की प्रान्तीय एवं जिला स्तरीय संत मार्गदर्शक मंडल की द्विदिवसीय बैठक भव्य रूप से प्रारंभ हुई। इस महत्वपूर्ण आयोजन में झारखंड, बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए साधु-संतों, महात्माओं और विहिप पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र में विहिप के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी, झारखंड मार्गदर्शक मंडल के संयोजक स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, अखिल भारतीय संत समिति झारखंड के अध्यक्ष स्वामी आत्मानंद पुरी, बिहार के महामंत्री रंजीतेशानंद सरस्वती, जैन मुनि स्वामी पद्मराज, मेंही आश्रम चुटिया के बालकृष्ण महाराज, संकट मोचन मंदिर रांची के संत केशव दास महाराज, दिव्यानंद महाराज एवं स्वामी दिव्य ज्ञान सहित कई प्रमुख संत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वीरेन्द्र विमल (पटना एवं गुवाहाटी क्षेत्र) और झारखंड के धर्माचार्य संपर्क प्रमुख युगल किशोर प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। बैठक में 50 से अधिक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सभी संतों को भगवा चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और श्रद्धामय हो उठा।
बैठक में विषय प्रवेश करते हुए केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने संत समाज से आह्वान किया कि वे हिन्दू समाज में जागरूकता लाने के लिए व्यापक अभियान चलाएं। उन्होंने हिन्दुओं की एकजुटता, सनातन संस्कारों की पुनर्प्रतिष्ठा, मतांतरण पर रोक, सामाजिक समरसता को बढ़ावा, युवाओं में बढ़ते नशे पर नियंत्रण तथा गोरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष बल दिया।
अशोक तिवारी के संबोधन के पश्चात उपस्थित संतों ने भी क्रमवार अपनी-अपनी कार्ययोजना एवं संकल्प प्रस्तुत किए। संतों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में विहिप के झारखंड प्रान्तीय अध्यक्ष चन्द्रकांत रायपत ने सभी संतों का स्वागत किया। वहीं, गोरक्षा विभाग के केंद्रीय सहमंत्री केशव राजू ने गोवंश संरक्षण एवं गो-आधारित कृषि प्रणाली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अंबरीष सिंह, ब्रह्मचारी विभु सुमन, संत उमेशानंद, सत्यनारायण महाराज, हजारीबाग के संत विजयानंद दास, प्रदेश मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, रांची महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, अनिल तिवारी, योगेश केदवाल, रेणु अग्रवाल, राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में विहिप के प्रांतीय एवं स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह द्विदिवसीय बैठक रविवार अपराह्न तक जारी रहेगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं भावी रणनीति तय की जाएगी।
Reviewed by PSA Live News
on
2:12:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: