दिन-रात धड़ल्ले से अवैध खनन और परिवहन जारी, पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
रिपोर्ट : उत्तम दुबे |
सिंगरौली । सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। हालात इतने चिंताजनक हैं कि थाने के सामने से ही अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर और ट्रक बेखौफ गुजर रहे हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि इस पूरे खेल के पीछे थाना स्तर पर ही संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
खुलेआम चल रहा अवैध खनन का खेल
जानकारी के अनुसार जियावन क्षेत्र के नदी-घाटों से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन सुबह से देर शाम तक जारी रहता है। बिना किसी रोक-टोक के भारी वाहन रेत भरकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे न सिर्फ प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कटघरे में है।
थाने के आसपास संदिग्ध गतिविधियां
स्थानीय लोगों के अनुसार, थाना परिसर के आसपास ही कुछ संदिग्ध लोग, जिन्हें पुलिस का करीबी बताया जा रहा है, अक्सर रेत माफियाओं के साथ देखे जाते हैं। यह भी चर्चा है कि ये लोग माफियाओं और पुलिस के बीच ‘सेतु’ का काम करते हैं, जिससे अवैध कारोबार निर्बाध रूप से जारी रहता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में इसकी चर्चा आम है।
सड़कें बदहाल, जनजीवन प्रभावित
रेत से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही ने गांवों की सड़कों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। कई जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। धूल और शोर-शराबे ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। कभी-कभार वाहन पकड़ने की कार्रवाई जरूर होती है, लेकिन वह भी महज खानापूर्ति साबित होती है।
बड़े संरक्षण के बिना संभव नहीं इतना बड़ा खेल
स्थानीय लोगों का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन और परिवहन बिना प्रशासनिक संरक्षण के संभव नहीं है। यही कारण है कि अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
अब नजर कार्रवाई पर
अब देखना होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस क्या ठोस कदम उठाते हैं या फिर अवैध रेत माफियाओं का यह खेल यूं ही जारी रहेगा। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करेंगे, ताकि अवैध खनन पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।
Reviewed by PSA Live News
on
11:27:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: