ब्लॉग खोजें

दरभंगा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम: दिव्यांग बच्चों के अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता और लोक अदालत की दी गई जानकारी


दरभंगा, 26 अप्रैल 2026: 
जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा के तत्वावधान में जिले के महिनाम पंचायत भवन में रविवार को एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता अभय कुमार कांति ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके पुनर्वास से जुड़ी सरकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का ‘विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र’ अवश्य बनवाएं, जिससे उन्हें आवश्यक उपकरण, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता रविन्द्र कुमार चौधरी ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 09 मई को बेनीपुर न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली लोक अदालत में छोटे-छोटे मुकदमों का आपसी समझौते से निपटारा किया जा सकता है, जो समय और धन दोनों की बचत करता है।

उन्होंने विशेष रूप से बैंक ऋण, टेलीफोन, विद्युत विभाग और माप-तौल से जुड़े मामलों को लोक अदालत के माध्यम से सुलझाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह, नशामुक्ति, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण योजनाओं, वीर परिवार सहायता योजना समेत विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों पर भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर प्राधिकार सहायक कुमार गौरव, सरपंच प्रतिनिधि अब्दुल कुद्दूस, पीएलवी प्रदीप पासवान, अर्जुन राम, विपिन दास, गौड़ी महतो, कैलाश राम, रामसिया महतो, बिकन राय, सबिला खातून सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और जरूरत पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाएं।

दरभंगा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम: दिव्यांग बच्चों के अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता और लोक अदालत की दी गई जानकारी दरभंगा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम: दिव्यांग बच्चों के अधिकार, निःशुल्क कानूनी सहायता और लोक अदालत की दी गई जानकारी Reviewed by PSA Live News on 6:33:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.