हजारीबाग कांड पर सियासत तेज: अंबा प्रसाद ने राज्यपाल से की CBI जांच की मांग, पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल
रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में हुए गंभीर आपराधिक मामले को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की जोरदार मांग की।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में अंबा प्रसाद ने विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 42/2026 का हवाला देते हुए कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
अंबा प्रसाद ने कहा कि इस तरह की लापरवाही न केवल पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है, बल्कि इससे आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा भी लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि समय रहते इस मामले में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का आक्रोश बढ़ सकता है, जिसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए और इसकी जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके।
इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने जहां सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, वहीं सत्तापक्ष पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है कि वह इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करे।
हजारीबाग के इस मामले ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को बहस के केंद्र में ला दिया है। अब देखना यह होगा कि राज्यपाल के स्तर पर इस ज्ञापन पर क्या कदम उठाए जाते हैं और क्या वास्तव में जांच सीबीआई को सौंपी जाती है या नहीं।
Reviewed by PSA Live News
on
11:41:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: