खूंटी :खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसक घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी संदर्भ में बजरंग दल के प्रान्त संयोजक रंगनाथ महतो ने बुधवार को खूंटी एवं मुरहू क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से विस्तृत जानकारी ली तथा इस विषय पर खूंटी में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई।
बताया गया कि रामनवमी के अवसर पर निकाली गई पारंपरिक शोभायात्रा, जो वर्षों से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होती आ रही है, इस बार विवाद का केंद्र बन गई। आरोप है कि शोभायात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से पथराव और उपद्रव किया गया, जो लगातार तीन दिनों तक चलता रहा। इस घटना के विरोध में आक्रोशित स्थानीय हिंदू समुदाय ने मुरहू से लेकर खूंटी तक अपने प्रतिष्ठान दो दिनों तक बंद रखे।
दौरे के दौरान रंगनाथ महतो ने इस घटना को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद पीड़ादायक है कि भगवान राम और कृष्ण की धरती पर ही उनके पर्व-त्योहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल के दिनों में राज्य के अन्य हिस्सों जैसे रांची के मांडर थाना क्षेत्र, गढ़वा के रमकंडा, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग में भी इसी प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
प्रान्त संयोजक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा वास्तविक दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, और निर्दोष लोगों को निशाना बनाते हुए एकतरफा कार्रवाई की गई, तो बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विहिप झारखंड प्रांत का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराएगा। साथ ही, महामहिम राज्यपाल से मिलकर भी इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।
बैठक में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें रांची विभाग संयोजक अंकित सिंह, विभाग सह-संयोजक विशाल कुमार साहू, विहिप जिला अध्यक्ष विनोद जायसवाल, उपाध्यक्ष विकास मिश्रा, केंद्रीय रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, महामंत्री जितेंद्र कश्यप, कोषाध्यक्ष सुभाष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य सदस्य शामिल थे।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं, स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
Reviewed by PSA Live News
on
11:36:00 am
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: