ब्लॉग खोजें

आखिर ISRO के वैज्ञानिक ने अपनी पत्नी को खुद ही क्यों मारा?

 

एक घटना, जिसने सफलता, परिवार और संस्कारों पर खड़े हमारे पूरे ढांचे को कटघरे में खड़ा कर दिया

लेखक : अशोक कुमार झा।


बेंगलुरु के एक पॉश अपार्टमेंट में घटी हालिया घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। एक 76 वर्षीय सेवानिवृत्त इसरो वैज्ञानिक—जिसने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश की सेवा और वैज्ञानिक उपलब्धियों को समर्पित किया—आखिरकार अपनी ही बीमार पत्नी की जान लेने जैसे भयावह कदम तक पहुंच गया। पहली नजर में यह एक आपराधिक घटना लगती है, लेकिन इसके पीछे छिपी मानसिक पीड़ा, अकेलापन और सामाजिक विडंबना कहीं अधिक गहरी और चिंताजनक है।

बताया जा रहा है कि वैज्ञानिक की पत्नी लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उम्र के इस पड़ाव पर, जहां इंसान को सबसे ज्यादा सहारे और अपनापन चाहिए होता है, वहीं उनके जीवन में एक गहरा खालीपन घर कर गया था। उनके बच्चे विदेश में बसे हुए थे—सफल, स्थापित और अपने-अपने जीवन में व्यस्त। ऐसे में वृद्ध दंपत्ति के हिस्से आया अकेलापन, जिम्मेदारियों का बोझ और भविष्य का भय।

सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या एक शिक्षित, समझदार और समाज में सम्मानित व्यक्ति ऐसा कदम क्यों उठाता है? इसका जवाब सिर्फ कानून की धाराओं में नहीं, बल्कि हमारे बदलते सामाजिक ढांचे में छिपा है। जब किसी व्यक्ति को यह महसूस होने लगे कि उसके जाने के बाद उसके सबसे करीबी व्यक्ति की देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा, तो यह डर धीरे-धीरे मानसिक दबाव में बदल जाता है। और जब यह दबाव असहनीय हो जाता है, तब वह व्यक्ति सही-गलत की सीमाओं को लांघ बैठता है।

यह घटना हमें उस कड़वे सच से रूबरू कराती है, जिसे हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। आज के दौर में सफलता की परिभाषा बदल चुकी है। हमने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा, बड़े करियर और वैश्विक अवसरों की दौड़ में इतना आगे धकेल दिया है कि वे भावनात्मक रूप से परिवार से दूर होते चले जा रहे हैं। माता-पिता के साथ बिताया गया समय अब वीडियो कॉल और औपचारिक बातचीत तक सिमट कर रह गया है।

हम गर्व से कहते हैं—“मेरा बेटा अमेरिका में है”, “मेरी बेटी लंदन में है”—लेकिन क्या हम यह सोचते हैं कि उस दूरी की कीमत कौन चुका रहा है? जब बुजुर्ग माता-पिता बीमारी, अकेलेपन और असहायता से जूझते हैं, तब उनके पास न तो कोई अपना होता है, न ही कोई सहारा। ऐसे में पैसा, प्रतिष्ठा और उपलब्धियां सब बेमानी लगने लगती हैं।

यह घटना केवल एक हत्या नहीं है; यह हमारे समाज के उस खोखलेपन को उजागर करती है, जहां रिश्ते धीरे-धीरे औपचारिकता में बदलते जा रहे हैं। यह हमें चेतावनी देती है कि अगर हम अपनी आने वाली पीढ़ी को केवल ‘सफल’ बनाना सिखाएंगे, लेकिन उन्हें ‘संवेदनशील’ और ‘जिम्मेदार’ बनाना भूल जाएंगे, तो ऐसे हादसे बढ़ते ही जाएंगे।

जरूरत इस बात की है कि हम अपने बच्चों को केवल करियर की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए ही नहीं, बल्कि अपने परिवार और जड़ों से जुड़े रहने के लिए भी तैयार करें। उन्हें यह समझाना होगा कि जीवन में सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि अपने रिश्तों को निभाना और अपने माता-पिता के प्रति जिम्मेदारी निभाना है।

बच्चों को आसमान में उड़ने के लिए पंख जरूर दीजिए, लेकिन उन्हें यह भी सिखाइए कि जमीन पर लौटने का रास्ता कभी न भूलें। क्योंकि जब रिश्तों की डोर कमजोर पड़ जाती है, तब सबसे मजबूत इंसान भी भीतर से टूट जाता है—और कभी-कभी, उसी टूटन से जन्म लेती हैं ऐसी दिल दहला देने वाली घटनाएं।

आखिर ISRO के वैज्ञानिक ने अपनी पत्नी को खुद ही क्यों मारा? आखिर ISRO के वैज्ञानिक ने अपनी पत्नी को खुद ही क्यों मारा? Reviewed by PSA Live News on 8:30:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.