ब्लॉग खोजें

साई कराटे अकादमी के ‘नन्हे योद्धाओं’ का अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाल, साउथ एशिया चैंपियनशिप में 19 पदक जीतकर गुरुग्राम का नाम रोशन


रिपोर्ट: रजत शर्मा

गुरुग्राम। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीसरी JKS साउथ एशिया कराटे चैंपियनशिप 2026 में गुरुग्राम की साई कराटे अकादमी के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि ने न केवल गुरुग्राम, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

प्रतियोगिता में विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन साई कराटे अकादमी के खिलाड़ियों ने अपनी तेज गति, बेहतरीन तकनीक और अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दी और दर्शकों व निर्णायकों का दिल जीत लिया।

सबसे शानदार प्रदर्शन तक्षादित्य गोदारा ने किया, जिन्होंने काता और कुमिते दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, महज 8 वर्ष की मायरा सिंह ने -25 किलोग्राम वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर सभी को चौंका दिया।
मानविक सिंह ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता, जबकि आदित्य दहिया (10 वर्ष) ने +35 किलोग्राम वर्ग में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

अन्य खिलाड़ियों में हृदयांश शाही (9 वर्ष) ने +35 किलोग्राम वर्ग में रजत और कांस्य पदक जीते। इवान राय ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग में गौरी गुप्ता ने रजत और कांस्य पदक हासिल किए, जबकि थिया कपूर (9 वर्ष) ने -35 किलोग्राम वर्ग में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा अद्विक हुड्डा ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। युवान सिंह ठाकुर के खेल को भी खूब सराहा गया, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।

इस शानदार सफलता का श्रेय अकादमी के मुख्य कोच और गुरुग्राम कराटे के महासचिव शिहान सुनील सैनी को जाता है, जिनके मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय अनुभव ने खिलाड़ियों को उच्च स्तर की तैयारी प्रदान की। उनके नेतृत्व में अकादमी के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अकादमी के 15 खिलाड़ियों का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता (मलेशिया) के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में हरमन तिवारी, आर्यवीर सिंह, पिहू दूहान, रुद्र दूहान, चिराग, आश्का गोदारा, शिवांक, तक्षादित्य गोदारा, मानविक सिंह, इवान सिंह, युवान सिंह, गौरी गुप्ता, अद्विक हुड्डा, श्रुति भारद्वाज, कनिका वर्मा और आदित्य दहिया शामिल हैं।

प्रतियोगिता से लौटने पर अकादमी में सभी पदक विजेताओं का भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों ने भविष्य में एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर तिरंगा लहराने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अकादमी और कोच के प्रयासों की सराहना की।

यह उपलब्धि न केवल साई कराटे अकादमी के लिए, बल्कि देश में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणा है, जो यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।

साई कराटे अकादमी के ‘नन्हे योद्धाओं’ का अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाल, साउथ एशिया चैंपियनशिप में 19 पदक जीतकर गुरुग्राम का नाम रोशन साई कराटे अकादमी के ‘नन्हे योद्धाओं’ का अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाल, साउथ एशिया चैंपियनशिप में 19 पदक जीतकर गुरुग्राम का नाम रोशन Reviewed by PSA Live News on 5:46:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.