7 वर्षीय तैराक इशांक सिंह ने रचा इतिहास, पाल्क स्ट्रेट पार कर बनाया विश्व रिकॉर्ड — भाजपा महिला मोर्चा ने किया सम्मानित
रांची, झारखंड: झारखंड की राजधानी रांची के 7 वर्षीय नन्हें तैराक इशांक सिंह ने अपनी असाधारण प्रतिभा और अदम्य साहस का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास रच दिया है। इतनी कम उम्र में उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित लगभग 29 किलोमीटर लंबे पाल्क स्ट्रेट (Palk Strait) को मात्र 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है।
इशांक की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने रांची स्थित उनके आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने इशांक को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह में सरिता पांडेय, सुचिता सिंह, बबिता वर्मा, नीलम चौधरी और कवलजीत कौर सहित कई गणमान्य महिलाएं और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इशांक की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस मौके पर आरती सिंह ने कहा, “इशांक सिंह ने जिस तरह से इतनी कम उम्र में समुद्र जैसी चुनौतीपूर्ण जलधारा को पार किया है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। यह झारखंड ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम और भी ऊंचा कर सकते हैं। इशांक की यह उपलब्धि देश के बच्चों और युवाओं के लिए एक प्रेरणा है कि उम्र कोई बाधा नहीं होती, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का जुनून हो।
इशांक सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि समर्पण, साहस और निरंतर अभ्यास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। आने वाले समय में उनसे और भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है, जो झारखंड और देश को गौरवान्वित करती रहेंगी।
Reviewed by PSA Live News
on
8:51:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: