दरभंगा, 01 मई 2026: जिला न्यायालय परिसर से आज राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा, श्री अजय कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए आम नागरिकों से लोक अदालत में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 9 मई को किया जाएगा। उन्होंने दरभंगा वासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आपसी सहमति के आधार पर सुलहनीय वादों का त्वरित निपटारा कराएं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने जानकारी दी कि इस बार लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए विशेष छूट प्रदान की जा रही है। माननीय मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय पटना के मार्गदर्शन में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया जाएगा। इसके तहत वाहन मालिकों को केवल आधी राशि का भुगतान करना होगा, जिससे हजारों लोगों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, लोक अदालत में बिजली-पानी से संबंधित विवाद, पारिवारिक मामले, शमनीय आपराधिक मुकदमे सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का भी समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस बार लोक अदालत को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
इस मौके पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) श्री जुनैद आलम, अधिवक्ता संघ के सचिव, कई न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
जागरूकता रथ शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक करेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
9:14:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: