ब्लॉग खोजें

भगवान परशुराम जन्मोत्सव महासमागम में उमड़ा आस्था और एकता का सैलाब

“भगवान परशुराम सत्य, साहस और धर्म रक्षा के महान प्रेरणा स्रोत” — प्रदीप कुमार शर्मा


रामगढ़। 
विश्व ब्राह्मण संघ एवं विप्र फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव महासमागम का भव्य आयोजन इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ किया गया। रामगढ़ स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने इसे एक विराट सामाजिक-सांस्कृतिक महोत्सव का स्वरूप प्रदान कर दिया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर समाज में धर्म, न्याय और साहस की स्थापना के उनके आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं भगवान परशुराम की स्मृति चित्रयुक्त मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व ब्राह्मण संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह विप्र फाउंडेशन के झारखंड संगठन महामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए सत्य, साहस, धर्म रक्षा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के महान प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।

प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज इस महासमागम में समाज की एकता और जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे ने भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सदैव अधर्म और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया तथा समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का कार्य करते हैं।

विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों और युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज की नई पीढ़ी जब अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ती है तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए ताकि सामाजिक समरसता और एकजुटता बनी रहे।

विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने अरुणाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध परशुराम कुंड एवं परशुराम विद्या पीठ के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि विप्र फाउंडेशन देशभर में सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज को संगठित होकर शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन रूपेश मणि तिवारी एवं संदीप शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने रहे। ब्राह्मण समाज की बेटियों एवं बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को देखकर उपस्थित अतिथियों ने उनका मनोबल बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज से जुड़े पत्रकारों को भी अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने समाज और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।

अंत में विश्व ब्राह्मण संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, समाज के गणमान्य लोगों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव कृष्ण उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष इला रानी पाठक, जिला कोषाध्यक्ष गोकुल शर्मा, अरुण बनर्जी, प्रमुख बबीता पांडे, सरोज झा, संजय मिश्रा, योगेंद्र ओझा, प्रकाश चंद व्यास, मुना मिश्रा, राजीव तिवारी, राजेंद्र कुमार पांडेय, विवेकानंद पांडेय, नवीन पांडेय, सुरेंद्र पांडेय सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

भगवान परशुराम जन्मोत्सव महासमागम में उमड़ा आस्था और एकता का सैलाब भगवान परशुराम जन्मोत्सव महासमागम में उमड़ा आस्था और एकता का सैलाब Reviewed by PSA Live News on 12:14:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.