ब्लॉग खोजें

पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का अनुपम संगम


रांची। 
रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में पुरुषोत्तम मास की पावन अश्विनी एकादशी श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विशेष अनुष्ठान पूजा से हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई तथा भगवान को प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर श्री राधा रानी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार नए पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से किया गया। मंदिर में सुसज्जित दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने श्रद्धा भाव से आराधना कर सुख- शांति एवं समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान करते रहे। पुरुषोत्तम मास एवं एकादशी की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तों ने आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आत्मिक शांति का अनुभव किया।धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं भारतीय सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने अश्विनी एकादशी एवं पुरुषोत्तम मास की महत्ता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को समर्पित अत्यंत पुण्यदायी मास माना जाता है तथा इस अवधि में किए गए जप, तप, दान एवं पूजा का विशेष फल प्राप्त होता है। अश्विनी एकादशी आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण पर्व है।कार्यक्रम का समापन भक्तों के मंगलकामना एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ संपन्न हुआ। उक्त जानकारी प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी। 

पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का अनुपम संगम पुरुषोत्तम मास की अश्विनी एकादशी पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का अनुपम संगम Reviewed by PSA Live News on 6:36:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.