दरभंगा, 27 मई 2026: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम नागरिकों से शांति और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की।
शहर के संवेदनशील इलाकों में प्रशासन का शक्ति प्रदर्शन
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील मार्गों से गुजरा। मार्च नीम चौक, उर्दू बाजार, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, दरभंगा रेलवे स्टेशन, बेंता सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में निकाला गया।
मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। इसका उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करना ही नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना भी था।
डीएम की अपील: भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं बकरीद
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी नागरिक इस पर्व को शांति और सद्भाव के साथ मनाएं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा पर्व के दौरान हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
डीएम ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की भी अपील की।
एसएसपी की सख्त चेतावनी: अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला ने कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या विधि-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
प्रशासन ने मांगा आमजनों का सहयोग
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें। त्योहारों की वास्तविक भावना आपसी सम्मान, सौहार्द और सामाजिक एकता में निहित होती है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल उपस्थित रहे।
बकरीद से पहले प्रशासन की यह सक्रियता साफ संकेत दे रही है कि जिले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं: