पीएम-अजय योजना के तहत 22 जून को मधुबनी में लगेगा विशाल कौशल एवं रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी और स्वरोजगार का सुनहरा अवसर
10 से अधिक निजी कंपनियां लेंगी भाग, अनुसूचित जाति के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, स्टार्टअप एवं ऋण सहायता की मिलेगी जानकारी
मधुबनी, 19 जून 2026। अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अंतर्गत मधुबनी जिले में एक दिवसीय कौशल एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर यह रोजगार मेला 22 जून 2026 (सोमवार) को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी), रहिका, मधुबनी परिसर में आयोजित होगा।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष रोजगार मेले का उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें आधुनिक कौशल प्रशिक्षण से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मेले का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक किया जाएगा, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के पात्र एवं इच्छुक युवा भाग ले सकेंगे।
इस संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के "ग्रांट्स-इन-एड" घटक के तहत आयोजित होने वाले इस मेले में युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक एवं तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अंतर्गत सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल कौशल, तकनीकी एवं औद्योगिक व्यवसाय, ऑटोमोबाइल सेक्टर, विनिर्माण क्षेत्र, स्वास्थ्य एवं पैरामेडिकल सेवाएं, रिटेल एवं सेवा क्षेत्र, पर्यटन, सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी एवं वेलनेस जैसे अनेक क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार प्रदाता के रूप में विकसित करना भी है। ऐसे लाभार्थी जो स्वयं का व्यवसाय, स्टार्टअप अथवा उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध ऋण, सब्सिडी, वित्तीय सहायता एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करने में सहायता मिलेगी।
जिला नियोजन पदाधिकारी निशांत रंजन ने बताया कि इस रोजगार मेले में 10 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। इससे जिले के बेरोजगार युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, अद्यतन बायोडाटा, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
जिला प्रशासन ने अनुसूचित जाति वर्ग के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ जिले के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेंगे।
प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत आयोजित यह रोजगार मेला न केवल नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा, बल्कि स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भी नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
Reviewed by PSA Live News
on
7:57:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: