मधुबनी जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी राहत भरी जानकारी दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रित है तथा किसी प्रकार की कमी की कोई स्थिति नहीं है। जिले के सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है।
मधुबनी में 51 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध
जिला प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 18 जून 2026 को जिले में कुल 51 हजार 637 एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। इंडियन ऑयल (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) तथा भारत पेट्रोलियम (BPCL) के माध्यम से नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जिले के प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रिकॉर्ड स्तर पर हुई गैस बुकिंग
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 2 मार्च 2026 से 17 जून 2026 तक जिले में कुल 14 लाख 93 हजार 16 एलपीजी गैस बुकिंग दर्ज की गई हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जिले में गैस की मांग लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
केवल 17 जून 2026 को ही जिले में 11 हजार 271 गैस बुकिंग प्राप्त हुईं, जबकि उसी दिन तेल कंपनियों द्वारा 13 हजार 541 गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। इससे स्पष्ट है कि आपूर्ति मांग से अधिक बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश
जिला प्रशासन ने जिले की सभी गैस एजेंसियों और वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रत्येक उपभोक्ता को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए। किसी भी उपभोक्ता को गैस प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से एजेंसी के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूली जाती है, वितरण में अनियमितता बरती जाती है, जानबूझकर देरी की जाती है या उपभोक्ताओं को परेशान किया जाता है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि—
- अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करें।
- घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए करें।
- गैस की कालाबाजारी, अवैध बिक्री या जमाखोरी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
- अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार
एलपीजी के साथ-साथ जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य बताई गई है। 18 जून 2026 को जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर कुल 889.5 हजार लीटर पेट्रोल तथा 1124 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन ने कहा है कि ईंधन की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी की संभावना नहीं है। इसलिए आम नागरिक पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें। ऐसा करना न केवल सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है बल्कि आपूर्ति व्यवस्था पर भी अनावश्यक दबाव डाल सकता है।
जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
यदि किसी उपभोक्ता को गैस वितरण, पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता की शिकायत है तो वह जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क कर सकता है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का संदेश – घबराएं नहीं, पर्याप्त है आपूर्ति
जिला प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता को आश्वस्त किया है कि मधुबनी जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन द्वारा संपूर्ण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से संयम बरतने, अफवाहों से बचने और जिम्मेदार उपभोक्ता की भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा है कि "आपदा नहीं है भारी, यदि पूरी है तैयारी। सजग रहें, सतर्क रहें और किसी भी सूचना या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।"
Reviewed by PSA Live News
on
11:26:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: