ब्लॉग खोजें

कृष्ण-सुदामा की मित्रता का अमर संदेश: सच्ची दोस्ती में धन-दौलत नहीं, प्रेम और समर्पण का होता है महत्व



रांची।
अपर बाजार स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गया। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर "राधे-राधे" तथा "जय श्रीकृष्ण" के जयघोषों से गूंज उठा। समापन अवसर पर कथा व्यास आचार्य पंडित अश्विनी मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा की अमर मित्रता का मार्मिक प्रसंग सुनाते हुए मानव जीवन में सच्चे संबंधों और मित्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कथावाचक ने कहा कि सच्ची मित्रता कभी धन, पद, प्रतिष्ठा या वैभव पर आधारित नहीं होती, बल्कि उसका आधार प्रेम, विश्वास, सम्मान, त्याग और समर्पण होता है। उन्होंने श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए बताया कि अत्यंत गरीबी और कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करने के बावजूद सुदामा ने कभी अपनी मित्रता का लाभ उठाने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने अपने स्वाभिमान और मित्रता की गरिमा को बनाए रखा। वहीं द्वारका के सम्राट बनने के बाद भी भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बालसखा को नहीं भुलाया। जब सुदामा द्वारका पहुंचे तो श्रीकृष्ण ने स्वयं दौड़कर उनका स्वागत किया, उन्हें गले लगाया और उनके चरण धोकर पूरी दुनिया के सामने सच्ची मित्रता का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत किया।

आचार्य अश्विनी मिश्र ने सात दिवसीय कथा के दौरान प्रस्तुत विभिन्न प्रसंगों का संक्षिप्त उल्लेख करते हुए सनातन धर्म की महत्ता, द्रौपदी चीरहरण, छल-कपट के दुष्परिणाम, गृहस्थ जीवन की मर्यादा, बेटियों के प्रति स्नेह और समाज में न्याय व्यवस्था की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में प्रेम और भाईचारा कम होता जा रहा है, जबकि नफरत और वैमनस्य बढ़ रहा है। उन्होंने बड़ी मार्मिक टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय था जब डाकघर प्रेम और आत्मीयता के संदेश पहुंचाने का माध्यम था, लेकिन आज नफरत बढ़ने के कारण कचहरियों की संख्या और विवादों में वृद्धि हो रही है। प्रेम कम होगा तो समाज में तनाव बढ़ेगा और नफरत बढ़ेगी तो सामाजिक ताना-बाना कमजोर होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मंत्री, चिकित्सक और शिक्षक की होती है। यदि ये तीनों वर्ग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करें तो समाज और देश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने लोगों से जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने, मानवता का सम्मान करने और सनातन संस्कृति के आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया।

कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। "सांवरिया है सेठ, म्हारी राधा सेठानी है..." तथा "काली कमली वाला मेरा यार है, मेरा मनमोहन मुरली वाला है..." जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरा कथा स्थल भक्ति और श्रद्धा के सागर में डूबा नजर आया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के नाम संकीर्तन में भाव-विभोर होकर शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान "राधे-राधे" के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। भागवत कथा का मूल पाठ आचार्य विष्णु शर्मा ने किया, जबकि देवनारायण शास्त्री और अमन शर्मा ने सहयोग प्रदान किया। संगीत की मधुर प्रस्तुति नेहाल शर्मा, अमन झा, प्रताप कुमार तथा लवकुश शर्मा ने दी, जिनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कथा के विशेष आकर्षण के रूप में कृष्ण-सुदामा प्रसंग का जीवंत मंचन भी किया गया। इसमें सुदामा की भूमिका कृत अग्रवाल, भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका पलक अग्रवाल तथा रुक्मिणी की भूमिका रिद्धि मंगल ने निभाई। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और कथा के संदेश को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

कथा के समापन पर सुमन मंगल, अरविंद कुमार मंगल, मेद्या मंगल और अर्पित मंगल द्वारा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर पदमा देवी, रेणु मंगल, आशा मंगल, आशा देवी, सरिता देवी, अंजना देवी, रेखा देवी, पिस्ता अग्रवाल, सुशीला देवी, निर्मला गोयल, वीणा देवी, पिंकी अग्रवाल, पायल अग्रवाल, अनीता देवी, विनीता केजरीवाल, दीपाली भदानी, संजय अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शुभाष मंगल, अरविंद चौधरी, विनोद अग्रवाल, केदारमल अग्रवाल, मुरारी लाल, दामोदर अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, पंडित रत्नेश मिश्रा, गोपाल मिश्रा, वैदिक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन के लिए मंगल परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कथा के समापन के साथ ही पूरा परिसर "राधे-राधे" और "जय श्रीकृष्ण" के उद्घोषों से गूंज उठा तथा श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत होकर अपने घरों को लौटे।

कृष्ण-सुदामा की मित्रता का अमर संदेश: सच्ची दोस्ती में धन-दौलत नहीं, प्रेम और समर्पण का होता है महत्व कृष्ण-सुदामा की मित्रता का अमर संदेश: सच्ची दोस्ती में धन-दौलत नहीं, प्रेम और समर्पण का होता है महत्व Reviewed by PSA Live News on 8:00:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.