झारखंड में खेल क्रांति को मिलेगी नई दिशा: जुलाई के दूसरे सप्ताह में रांची आएंगे केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया
रांची। झारखंड में खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत सरकार के केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री Mansukh Mandaviya जुलाई के दूसरे सप्ताह में रांची का दौरा करेंगे। यह दौरा केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth के विशेष आमंत्रण पर प्रस्तावित है।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की दृष्टि से देश के अग्रणी राज्यों में से एक है। यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में राज्य में खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय खेल मंत्री का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने बताया कि अपने रांची प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया राज्य के विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खेल विशेषज्ञों तथा खिलाड़ियों के साथ विस्तृत संवाद करेंगे। इस दौरान झारखंड में खेलों के विकास, नई खेल नीतियों, खेल अधोसंरचना के विस्तार, ग्रामीण प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।
श्री सेठ ने कहा कि झारखंड के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की। केंद्रीय खेल मंत्री के दौरे से राज्य में खेल विकास से जुड़ी कई नई योजनाओं और संभावनाओं के द्वार खुल सकते हैं। इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।
दौरे के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री रांची स्थित खेलगांव परिसर का भी निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं, स्टेडियमों, प्रशिक्षण केंद्रों तथा खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही खेलगांव को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय खेल मंत्री का यह दौरा झारखंड के खेल जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे राज्य के खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, बेहतर अवसर और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के प्रतिभाशाली बच्चे और युवा प्रदेश, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करें और देश का नाम रोशन करें।
झारखंड में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में यह प्रस्तावित दौरा राज्य के खेल भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और खेल संगठनों में केंद्रीय खेल मंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है तथा सभी को उम्मीद है कि इस यात्रा से राज्य में खेल विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।
कोई टिप्पणी नहीं: