रांची: टुकटुक चालक सूरज नायक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार शाम सैकड़ों लोगों ने शालीमार बाजार से धुर्वा गोलचक्कर तक कैंडल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े पोस्टर लिए लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों का कहना था कि सूरज नायक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी सुनियोजित हत्या की गई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है और अब तक मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से नहीं की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से मांग की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए तथा वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने यह भी कहा कि सूरज नायक के परिजनों को न्याय दिलाना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों और मृतक के परिजन प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और उन्हें शीघ्र सजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे सूरज नायक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
Reviewed by PSA Live News
on
10:21:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: