रांची। सर्व जन विकास पार्टी के संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश की वर्तमान कानूनी एवं न्यायिक प्रक्रिया को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि समाज के एक बड़े वर्ग में यह धारणा तेजी से मजबूत हो रही है कि न्याय पाने की प्रक्रिया अत्यधिक लंबी, महंगी और जटिल होती जा रही है। गरीब और कमजोर तबके के लोग आर्थिक संसाधनों के अभाव में कई बार अपनी शिकायतों और मुकदमों को बीच में ही वापस लेने के लिए मजबूर हो जाते हैं, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच यह भावना भी बढ़ रही है कि न्याय केवल समय पर ही नहीं, बल्कि समान रूप से सभी के लिए सुलभ होना चाहिए। यदि किसी नागरिक को केवल आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण न्याय पाने में कठिनाई होती है, तो इस पर गंभीर आत्ममंथन की आवश्यकता है।
सर्व जन विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश में अनीति, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार का अंत होकर रहेगा। किसी की मनमानी अब अधिक दिनों तक नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून का शासन सर्वोपरि होना चाहिए और हर नागरिक को समान अधिकार तथा सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, "यह देश केवल नेताओं, अधिकारियों और अमीरों का नहीं है। यह देश किसानों, मजदूरों, गरीबों, युवाओं और आम नागरिकों का भी उतना ही है। संविधान ने सभी को समान अधिकार दिए हैं और उसी भावना के अनुरूप व्यवस्था को भी काम करना चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि आज देश की जनता जागरूक हो रही है और अपने संवैधानिक अधिकारों को समझने लगी है। जनता यह जान चुकी है कि लोकतंत्र में वास्तविक मालिक देश की जनता है, जबकि जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सरकारी कर्मचारी संविधान के अनुरूप जनता की सेवा के लिए नियुक्त लोकसेवक हैं। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता के प्रति जवाबदेह रहते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था, प्रशासन और शासन व्यवस्था में व्यापक सुधार समय की मांग है। जब तक गरीब, किसान, मजदूर और समाज के अंतिम व्यक्ति को बिना भेदभाव के सुलभ एवं समयबद्ध न्याय नहीं मिलेगा, तब तक लोकतंत्र की वास्तविक भावना पूरी तरह साकार नहीं हो सकेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि सर्व जन विकास पार्टी सामाजिक न्याय, पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और आम नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
Reviewed by PSA Live News
on
11:27:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: