ब्लॉग खोजें

17 अगस्त को लगेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप, किसानों को मिलेगा ऋण योजनाओं का लाभ

किसान क्रेडिट कार्ड से लेकर पशुपालन, मत्स्य पालन और फूड प्रोसेसिंग तक विभिन्न योजनाओं के तहत मिलेगा वित्तीय सहयोग

मधुबनी। किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 17 अगस्त 2026 को जिले में कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिले की बैंक की सभी 20 शाखाओं के माध्यम से आयोजित होने वाले इस विशेष कैंप में पात्र किसानों एवं कृषि उद्यमियों के ऋण आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया की जाएगी।

अग्रणी जिला प्रबंधक गजेंद्र मोहन झा ने बताया कि कैंप में कृषि एवं कृषि से जुड़ी संबद्ध गतिविधियों के लिए विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इनमें किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), स्वयं सहायता समूह (SHG), गव्य विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन, ग्रामीण भंडारण, फूड प्रोसेसिंग, PMFME तथा एग्री क्लिनिक-एग्री बिजनेस सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कैंप का उद्देश्य किसानों और ग्रामीण क्षेत्र में कृषि आधारित व्यवसाय करने वाले लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे कृषि उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों को भी आगे बढ़ा सकें।

अग्रणी जिला प्रबंधक ने जिले के किसानों, कृषि उद्यमियों एवं ग्रामीण व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी निकटतम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा से संपर्क कर आवश्यक ऋण योजना के तहत आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने और किसानों की आर्थिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में यह कैंप महत्वपूर्ण पहल है। पात्र लाभुकों को ऋण योजनाओं की जानकारी के साथ आवेदन, स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

17 अगस्त को लगेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप, किसानों को मिलेगा ऋण योजनाओं का लाभ 17 अगस्त को लगेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप, किसानों को मिलेगा ऋण योजनाओं का लाभ Reviewed by PSA Live News on 11:29:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.