बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए डीएम आनंद शर्मा ने की समीक्षा बैठक, 10 MVA ट्रांसफॉर्मर जल्द होगा चालू
मधुबनी, 13 अगस्त 2026। जिले में लगातार बढ़ रही विद्युत मांग और शहरी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विद्युत लोड, आपूर्ति व्यवस्था, नए पावर सब-स्टेशनों (PSS) के निर्माण तथा विद्युत आधारभूत संरचना के विस्तार की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में बताया गया कि जिले में विकास कार्यों के विस्तार के साथ बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मधुबनी शहरी क्षेत्र में करीब 4 मेगावाट अधिक विद्युत खपत दर्ज की गई है। मधुबनी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में विद्युत इनपुट भी लगातार बढ़ा है। अप्रैल 2026 में 4.02 करोड़ यूनिट, मई में 4.48 करोड़ यूनिट, जून में 5.51 करोड़ यूनिट तथा जुलाई में 6.13 करोड़ यूनिट विद्युत इनपुट दर्ज किया गया।
17 से बढ़कर 21.6 मेगावाट हुआ शहरी लोड
विद्युत विभाग के अनुसार मधुबनी शहरी क्षेत्र में जुलाई 2025 में विद्युत लोड करीब 17 मेगावाट था, जो जुलाई 2026 में बढ़कर 21 मेगावाट तथा अगस्त 2026 में 21.6 मेगावाट तक पहुंच गया है। वर्तमान में PSS की क्षमता 27 मेगावाट है और उस पर लगभग 80 प्रतिशत लोड है।
बढ़ते लोड को देखते हुए विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10 MVA क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया जा चुका है। इसे एक सप्ताह के भीतर चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र के PSS को एक अतिरिक्त 33 KV लाइन से जोड़ा गया है। इससे मधुबनी जीएसएस और पंडौल जीएसएस से दो अलग-अलग रूट के माध्यम से विद्युत आपूर्ति संभव होगी।
चार नए PSS से हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
विद्युत कार्यपालक अभियंता, मधुबनी मो. अरमान ने बताया कि जिला पदाधिकारी के प्रयास से शहरी क्षेत्र में चार नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण के लिए चार स्थानों पर निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई गई है। इन स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
प्रस्तावित नए PSS बसुआड़ा, मेडिकल कॉलेज, लहेरियागंज और अहमद में बनाए जा रहे हैं। इनके चालू होने के बाद क्रमशः लगभग 8 हजार, 9 हजार, 8 हजार और 7 हजार उपभोक्ताओं को सीधे लाभ मिलने की संभावना है। संबंधित एजेंसियों द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
समय पर काम पूरा करने का डीएम ने दिया निर्देश
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप विद्युत आधारभूत संरचना का विस्तार समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नए PSS, अतिरिक्त 33 KV लाइन और 10 MVA ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। शहरी क्षेत्र की चारों दिशाओं में नए PSS विकसित किए जाने से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर विद्युत संबंधी छोटी समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव होगा।
समीक्षा बैठक में विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Reviewed by PSA Live News
on
11:10:00 pm
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: