ब्लॉग खोजें

बाबा विद्यापति स्मारक समिति में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस


रांची।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को बाबा विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में रांची नगर निगम के पूर्व उप महापौर श्री संजीव विजय वर्गीय एवं समिति के अध्यक्ष श्री जयन्त झा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उप महापौर श्री संजीव विजय वर्गीय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के वर्तमान सामाजिक एवं राष्ट्रीय परिदृश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बाबा विद्यापति स्मारक समिति द्वारा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा समाज को एकजुट रखने में ऐसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। उन्होंने देश के सभी नागरिकों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

समिति के अध्यक्ष श्री जयन्त झा ने मैथिल समाज एवं सभी सनातन धर्मावलंबियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में समाज के सभी वर्गों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए हमें देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

समारोह में मैथिली समाज के पचास से अधिक कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और सामाजिक एकता का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित एवं समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष जयन्त झा, मृत्युंजय झा, संतोष मिश्रा, मनोज झा, मनोज सोनी, सत्यम पाण्डेय, अनूप साहू, राहुल गुप्ता, राधेश्याम यादव, प्रेम ठाकुर, सौरभ कुणाल, रंजीत लाल दास, राजीव रंजन, मणिकांत ओझा, जितेंद्र मिश्रा, पवन सोनी सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं मैथिली समाज के लोग उपस्थित रहे।

समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

बाबा विद्यापति स्मारक समिति में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस बाबा विद्यापति स्मारक समिति में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस Reviewed by PSA Live News on 11:53:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.