ब्लॉग खोजें

संदीप विश्वविद्यालय में फार्मेसी के प्रथम बैच का ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में नए अध्याय का शुभारंभ, कुलपति ने कहा- प्रथम बैच विश्वविद्यालय के शैक्षणिक इतिहास की अमूल्य विरासत


संवाददाता- डॉ०अभिषेक ठाकुर

    मधुबनी  । संदीप विश्वविद्यालय, सिजौल, मधुबनी में फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मेसी के तत्वावधान में बुधवार को श्री नेना झा ऑडिटोरियम में बी.फार्म एवं डी.फार्म के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए ‘ओरिएंटेशन कम इंडक्शन प्रोग्राम-2026’ का आयोजन किया गया। स्कूल ऑफ फार्मेसी के शुभारंभ के बाद आयोजित यह प्रथम ओरिएंटेशन कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं स्मरणीय पड़ाव बन गया।

 


   कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) शम्बादित्य गोस्वामी, प्राचार्य, डिवाइन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीवान तथा विशिष्ट अतिथि संदीप विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार द्विवेदी मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नौशेरवाँ रौनक, स्कूल ऑफ फार्मेसी के डीन डॉ. रशीद इकबाल, आईक्यूएसी प्रमुख डॉ. अमरेंद्र कुमार, डीन एकेडमिक्स डॉ. अजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शैलेन्द्र झा सहित विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी, नवप्रवेशी विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

 


   कार्यक्रम का संचालन सुयस प्रत्युष एवं श्रद्धा मिश्रा ने किया। अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। वि.वि. की छात्रा प्रियंका रानी, महारानी, नीभा कुमारी एवं पार्वती ने संयुक्त रूप से मधुर स्वागत गीत ‘माँ की वीणा से गुंजित...’ प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात अतिथियों का मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप पाग एवं अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया गया।

   


स्कूल ऑफ फार्मेसी के डीन डॉ. रशीद इकबाल ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए स्कूल ऑफ फार्मेसी की शैक्षणिक संरचना, पाठ्यक्रम, उद्देश्य एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को फार्मेसी शिक्षा के बदलते स्वरूप से अवगत कराते हुए उन्हें अध्ययन के साथ व्यावहारिक दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

 


   मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) शम्बादित्य गोस्वामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मेसी केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य और समाज की सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नैतिकता, व्यावहारिक ज्ञान एवं निरंतर अध्ययन को अपने शैक्षणिक जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में फार्मेसी के क्षेत्र में शोध, उद्योग, अस्पताल, क्लीनिकल सेवाओं एवं उद्यमिता सहित रोजगार और करियर की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

 


   कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि किसी भी संस्थान के इतिहास में प्रथम बैच का अपना विशिष्ट महत्व होता है। उन्होंने कहा कि आज से प्रारंभ हुआ यह बैच भविष्य में संदीप विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग के इतिहास में ‘प्रथम बैच’ के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल डिग्री हासिल करने तक स्वयं को सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान, कौशल, अनुसंधान, नवाचार, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों के समन्वय से अपने व्यक्तित्व का निर्माण करें। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा और उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

     कुलसचिव डॉ. नौशेरवाँ रौनक सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, अकादमिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए नवप्रवेशियों से विश्वविद्यालय के नियमों एवं शैक्षणिक मर्यादाओं का पालन करने का आग्रह किया।

     प्रथम सत्र के समापन पर स्कूल ऑफ फार्मेसी के विभागाध्यक्ष प्रो. विवेक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

     कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में विभागाध्यक्ष द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संदीप विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ फार्मेसी तथा बी.फार्म एवं डी.फार्म पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक संरचना, अकादमिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों, प्रयोगशाला सुविधाओं तथा विभिन्न शैक्षणिक व्यवस्थाओं से परिचित कराया गया। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभाग की कार्यप्रणाली की समग्र जानकारी प्रदान की गई।

     कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि संदीप विश्वविद्यालय में फार्मेसी शिक्षा का यह प्रथम सत्र महज एक नए पाठ्यक्रम की शुरुआत नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक इतिहास में एक नए युग का प्रारंभ है। प्रथम बैच के विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक यात्रा के प्रथम वाहक बताते हुए उनसे अपनी उपलब्धियों के माध्यम से विश्वविद्यालय की पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे नए शैक्षणिक सफर के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी बताया।

       कार्यक्रम विभाग के सहायक प्राध्यापक विवेक राज, अलीशा सिंह, शिवाकांत ठाकुर एवं सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी की गरिमामयी उपस्थित रही । अंत में मंच संचालक ने कार्यक्रम की गरिमापूर्ण समाप्ति की घोषणा की।

संदीप विश्वविद्यालय में फार्मेसी के प्रथम बैच का ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित संदीप विश्वविद्यालय में फार्मेसी के प्रथम बैच का ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित Reviewed by PSA Live News on 8:38:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.